विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अर्नब'! दीपावली से पहले बिहार में भारी बारिश की आशंका, अक्टूबर अंत में रहें सतर्क

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:21 AM (GMT+05:30)

Weather Cyclone Dana Arnab : बंगाल की खाड़ी में उठा मौसमी सिस्टम 'अर्नब' चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है, ...और पढ़ें

Weather Cyclone Dana Arnab : अक्टूबर अंत तक बना रहेगा चक्रवाती तूफान का असर

Weather Cyclone Dana Arnab : अक्टूबर अंत तक बना रहेगा चक्रवाती तूफान का असर

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का उदय।

  2. 28-29 अक्टूबर को पूर्वी बिहार में भारी बारिश की आशंका।

  3. दीपावली, छठ से पहले नागरिकों, किसानों को सतर्कता बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Weather Cyclone Dana Arnab : दीपावली और महापर्व छठ की तैयारियों के बीच मौसम एक बार फिर बड़ा उलटफेर करने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में उठा मौसमी सिस्टम अब विकराल रूप धारण करने की ओर अग्रसर है, जिसका सीधा असर समुद्र तटीय राज्यों के साथ-साथ बिहार के मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिलेगा।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके असर से त्योहार से ऐन पहले 28 और 29 अक्टूबर को भागलपुर सहित समूचे पूर्वी बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ सकता है और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।

26 अक्टूबर को चक्रवात में बदलेगा सिस्टम, नाम होगा 'अर्नब'

मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र काफी मजबूत स्थिति में है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के आकलन के मुताबिक, यह मौसमी प्रणाली 24 अक्टूबर तक अवदाब (डिप्रेशन), 25 अक्टूबर को गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) और 26 अक्टूबर की सुबह तक तीव्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगी। चक्रवाती तूफान बनने पर इसे 'अर्नब' नाम दिया जाएगा। यह तूफान और अधिक तीव्र होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर रुख करेगा।

28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी बिहार में भारी बारिश के आसार

तटीय इलाकों में टकराने के बाद इस चक्रवाती प्रणाली का सीधा प्रभाव बिहार तक पहुंचेगा। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नम हवाओं और चक्रवाती परिसंचरण के विस्तार के कारण भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई और आसपास के जिलों में घने बादलों की आवाजाही शुरू होगी।

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' व मौसमी असर: एक नजर में

  • वर्तमान स्थिति: दक्षिण-पूर्वी व पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला चक्रवाती परिसंचरण।

  • प्रगति चक्र: 24 अक्टूबर को अवदाब (डिप्रेशन), 25 को डीप डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान।

  • संभावित नाम: 'अर्नब' (चक्रवात बनने की स्थिति में आधिकारिक नामकरण)।

  • मुख्य दिशा: पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट की ओर।

  • बिहार पर असर: 28 और 29 अक्टूबर को भागलपुर व पूर्वी बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश।

  • राहत की उम्मीद: 30 अक्टूबर से सिस्टम कमजोर पड़ने पर बारिश के जोर में आएगी कमी।

28 और 29 अक्टूबर को अधिकांश इलाकों में मध्यम से तेज वर्षा होने तथा कई जगहों पर मेघगर्जन व आकाशीय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की प्रबल आशंका है। इसके अतिरिक्त, उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किमी ऊंचाई पर पहले से एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी दस्तक दे रहा है। इन बहुआयामी मौसमी प्रणालियों के आपस में जुड़ने से वर्षा की गतिविधियों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो सकती है।

30 अक्टूबर से धीमा पड़ेगा असर, अलर्ट पर मौसम विभाग

पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान के आगे बढ़ने और लैंडफॉल के बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ने से 30 अक्टूबर से बारिश के तेवर नरम पड़ेंगे। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। मौसम विभाग ने त्योहारी सीजन में होने वाली इस संभावित बारिश को देखते हुए आम नागरिकों और किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- दीपावली से छठ तक तेजी से बदलेगा मौसम; अर्घ्य के समय गंगा घाटों पर बढ़ेगी कनकनी, 28 अक्टूबर से चक्रवाती सिस्टम पर नजर