गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा दियारा, महिलाओं और बच्चों को पीटा, घर में लगाई आग
दियारा में अपराधियों ने पहले तो वहां रह रहे किसानों पर हमला बोल दिया। इसके बाद बंदूक के कूंदे से महिलाओं और बच्चों को जमकर पीटा। किसानों की झोपडिय़ों और बासा में आग लगा दी।
भागलपुर [जेएनएन]। घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 80 से उत्तर बुधवार की देर रात पूरा दियारा क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। पंद्रह से बीस की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने पहले तो वहां रह रहे किसानों पर हमला बोल दिया। बंदूक के कूंदे से महिलाओं और बच्चों को जमकर पीटा। इसके बाद किसानों की झोपडिय़ों और बासा में आग लगा दी। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए कई चक्र हवाई फायरिंग भी की। जाते-जाते किसानों को धमकी दी कि यदि वापस लौटे तो जान से मार डालेंगे।
घोघा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी सोनू मंडल के पुत्र भिखारी मंडल, बलराम मंडल, मिर्जापुर, घोघा निवासी मिश्री मंडल के पुत्र विनोद मंडल व वकील मंडल सहित अन्य पीडि़तों ने बताया कि अपराधियों ने अचानक हमला कर लाठी, डंडे व बंदूक के कूंदे से महिलाओं व बच्चों को भी बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद हमारे बासा में आग लगा दी। दियारा में आग बुझाने हेतु संसाधनों का अभाव व रात का समय होने के कारण कपड़े, अनाज और अन्य सामान सहित बासा जलकर राख हो गया।
पीडि़त महिला बलराम मंडल की पत्नी तेतरी देवी, भिखारी मंडल की पत्नी समीया देवी, सुरजू मंडल की पत्नी दुलारी देवी सभी निवासी शाहपुर, घोघा व इस्माइलपुर थाना क्षेत्र निवासी बिंदेश्वरी मंडल की पत्नी अरुणा देवी ने बताया कि सबकुछ जलकर राख हो गया। दहशत के कारण दियारा लौट भी नहीं सकते। उधर, घोघा थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि यह महज सुनी-सुनाई बातें हैं। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उनके पास कोई नहीं आया था। वैसे भी दियारा का वह क्षेत्र दूसरे थाने के अंदर आता है।