स्वजनों से परेशान महिला ने कहा, कर लूंगी खुदकुशी
स्वजनों से परेशान एक महिला ने खुदकुशी करने की धमकी दी है। घटना बबरगंज इलाके के हरिजन टोला की है।
भागलपुर।
स्वजनों से परेशान एक महिला ने खुदकुशी करने की धमकी दी है। घटना बबरगंज इलाके के हरिजन टोला की है। महिला और उनकी बेटी के साथ स्वजनों ने मारपीट की थी। इसमें उनकी बेटी को ज्यादा चोट आई है। उसे जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने बबरगंज चौकी में गोतनी की बहू अलखा देवी, गोतनी गीता देवी, राजू दास, राहुल और प्रदीप दास के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बबरगंज पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी ने इंटर की परीक्षा पास की थी। तब से ही घरवाले उनसे जलते हैं। भद्दे कमेंट करते हैं। घर पर बाहरी लड़कों को अड्डेबाजी कराने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आरोपितों ने दो जून को बेटी के साथ मारपीट की। रास्ते से उठवा लेने की धमकी दी है। यदि आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोग खुदकुशी के लिए मजबूर हो जाएंगी।