corona virus: दो दिनों में पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में 15 नए कोरोना संक्रमित मिले
भागलपुर पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल इलाके में कोरोना संक्रमण का मामला बढ़ता जा रहा है। प्रवासियों के आने से और परेशानी बढ़ गई है।
भागलपुर, जेएनएन। पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में सोमवार को आठ और कोरोना संक्रमित मिले। भागलपुर, बांका और सुपौल के दो-दो और सहरसा-पूर्णिया के एक-एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। प्रशासन ने सभी संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
सुपौल में मंगलवार को एक 17 वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव मिला। वह त्रिवेणीगंज का रहने वाला है। वहीं, मंगलवार को बांका के अमरपुर (वैदपुर गांव) में एक और खगड़िया के बेलदौर में एक महिला समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बांका के सीएस सुधीर महतो ने कहा कि मंगलवार को जिस युवक को कोरोना मिला है, वह दिल्ली से आया था। वहां से आने के बाद उसे लकड़ीकोला क्वारंटाइटन सेंटर में भर्ती किया था। अब जिले में संक्रमण के शिकार लोगों की संख्या आठ हो गई है।
दो दिनों में पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में 15 नए कोरोना संक्रमित मामले मिले।
भागलपुर में सोमवार को सामने आए दोनों संक्रमित खरीक प्रखंड के लोदीपुर और सुल्तानगंज प्रखंड से हैं। देर शाम दोनों को जेएलएनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब तक भागलपुर में कोरोना संक्रमण के कुल 25 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पड़ोसी बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड के लाखा गांव और रजौन प्रखंड के श्यामपुर गांव में भी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। डीएम सुहर्ष ने बताया कि तीन दिन पूर्व एक व्यक्ति हैदराबाद और दूसरा मुंबई से आया था। दोनों को स्थानीय मधुवन विहार होटल में आइसोलेट किया गया है। दोनों का गांव से संपर्क नहीं रहा है। इस तरह जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या सात हो गई है।
इधर, कोसी इलाके के सुपौल में पॉजिटिव मिले दोनों मरीज छह दिन पूर्व गुजरात से पहुंचे थे। एक जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के दिवानगंज और दूसरे त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के मुहर्रमपुर बघेली के निवासी हैं। जिलाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों को क्वारंटाइन केंद्र पर रखा गया था।
सहरसा में सोमवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। इस संक्रमित के भाई की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है। मरीज सौरबाजार प्रखंड का रहने वाला है। सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि युवक को पहले ही क्वारंटाइन किया जा चुका है। अब सहरसा में संक्रमित मरीजों की संख्या 11 हो गई है।
पूर्णिया के रूपौली प्रखंड में तीन मई को दिल्ली की आजादनगर मंडी से आए 55 मजदूरों में से एक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी मजदूर मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में रखे गए हैं। दिल्ली आजादनगर मंडी से डोभा इस्लामपुर गांव के 52 मजदूर एक ट्रक से तीन मई को यहां पहूंचे थे।