कोरोना संक्रमित का आंकड़ा पहुंचा शून्य पर, लोगों ने ली राहत की सांस
जिले में अब तक दो हजार 732 लोग कोरोना को मात देकर स्वास्थ्य हुए है। अब यहां कोई एक्टिव केस नहीं है। बावजूद इसके लोग सैनिटाइजर और मास्क का उपयोग कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर से भी कोरोना गाइड लाइंस का लोग पालन करें इसका ध्यान रहा जा रहा है।
खगडिय़ा [अमित झा] । वैश्विक महामारी कोरोना से जंग में खगडिय़ा उपलब्धि की ओर अग्रसर है। आज की तारीख में समाचार लिखे जाने तक खगडिय़ा जिले में एक भी कोरोना पॉजिटीव केस नहीं है। एक तरह से फरकिया अर्थात खगडिय़ा में कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार थम सी गई है। अब जिले में कोरोना संक्रमित एक भी मरीज नहीं बचे हैं। एक्टिव केस का आंकड़ा शून्य हो चुका है। बीते आठ दिनों में एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिले हैं।
जिला प्रशासन ने ली राहत की सांस
स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बीते बुधवार तक जिले में कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केस मात्र एक था। जिसने कोरोना को मात दी और स्वास्थ्य हो गए। गुरुवार रात तक जिले में एक्टिव केस शून्य हो गया। बीते 21 जनवरी को एक पॉजिटिव मरीज मिले थे। उसके बाद से अब तक हुई जांच में कोई भी पॉजिटिव नहीं पाए गए हैं। फिर भी लोग कोरोना गाइड लाइंस का पालन कर रहे हैं।
अब तक का आंकड़ा
जिले में गुरुवार रात जारी प्रशासनिक आंकड़े के अनुसार गुरुवार को 1599 लोगों की जांच के साथ अब तक कुल तीन लाख 68 हजार 594 लोगों की जांच हुई है। जिसमें दो हजार 738 पॉजिटिव मिले, जबकि तीन लाख 62 हजार 57 निगेटिव मिले। दो हजार 732 लोग कोरोना को मात देकर स्वास्थ्य हुए। छह पॉजिटिव की मौत हुई। एक हजार 48 सैंपल के जांच परिणाम आना शेष है। बीते गुरुवार को एक्टिव केस की संख्या शून्य हो गई।
क्या कहते हैं डीएम
डीएम आलोक रंजन घोष ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव पर एक तरह से विराम लगा है। अब एक्टिव केस नहीं बचे हैं। बीते आठ दिनों में नए केस भी नहीं मिले हैं। यह सभी के सहयोग से हुआ है। वैसे खतरा अभी टला नहीं है। जांच कार्य के साथ टीकाकरण भी हो रहा है। इसके बावजूद कड़ाई से नियमों का पालन आवश्यक है।