Corona Fighters : महिला समेत दो लोगों पर ग्रामीणों ने की पुष्पवर्षा, कोरोना संक्रमण को हराकर लौटे घर
एक और जहां भागलपुर में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों को इस संक्रमण से मुक्ति भी मिली है। लोगों ने ऐसे लोगों का स्वागत किया।
भागलपुर, जेएनएन। जिले में महिला समेत दो लोगों पर लोगों ने पुष्पवर्षा की। दोनों कोरोना से संक्रमित थे। दोनों अब स्वस्थ हो गए हैं। अस्पताल में दोनों को छुट्टी मिल गई है। लेकिन अभी दोनों अपने-अपने घरों में क्वारंटाइन में रहेंगे।
कोरोना संक्रमण को हराकर वापस कहलगांव के मथुरापुर अपने घर लौटी महिला का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और तालियां बजाकर जोरदार स्वागत किया। महिला ने सबसे पहले गांव के पास मंदिर में जाकर माथा टेका और पूजा-अर्चना की। उन्हें देखने और स्वागत के लिए भीड़ लगी रही। इस दौरान सभी लोग शारीरिक दूरी का पालन कर रहे थे। महिला के घर पहुंचते ही स्वजन खुशी से झूम उठे। हालांकि महिला को अभी होम क्वारंटाइन में रहने की हिदायत दी गई है। गांव के पूर्व मुखिया जैनेंद्र कुमार पिंटू, राजीव कुमार सिन्हा, पैक्स अध्यक्ष शेखर कुमार आदि ने बताया कि संक्रमण को पराजित कर महिला के घर लौटने पर गांव वालों ने राहत की सांस ली है। उनके पति, पुत्र, पुत्री सहित 13 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इस मामले को लेकर गांव में भय का माहौल था। सबसे दुखद बात यह है की गांव को सील किए जाने के बाद कोई भी अधिकारी जरूरतमंदों की मदद तो दूर देखने तक नहीं आया। इसको लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष है।
कोरोना को मात देकर घर लौटे तो पार्षद ने किया पुष्प वर्षा
भागलपुर के सिकंदरपुर में कोरोना को मात देकर अस्पताल से लौटे व्यक्ति का पार्षद सदानंद मोदी ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने भी तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया। पार्षद ने कहा कि कोरोना से डरना नहीं बल्कि लडऩा है। लोगों को स्वास्थ्य विभाग के नियमों का अनुपालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं, उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि यह इलाका कोरोना प्रभावित क्षेत्र है। इस मुहल्ले में लगातार सैनिटाइज किया जाना चाहिए।