Corona Fighters : नवगछिया की महिला को छुट्टी, रिपोर्ट आई निगेटिव
जेएलएनएमसीएच से अब तक 10 संक्रमित मरीज ठीक होकर जा चुके हैं। महिला को 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना से सहमे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर। दो सप्ताह से जेएलएनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती नवगछिया की महिला की आखिरी रिपोर्ट निगेटिव आई।
उन्हें अस्पताल कर्मियों ने तालियों के साथ छुट्टी दी। जेएलएनएमसीएच से अब तक 10 संक्रमित मरीज ठीक होकर जा चुके हैं। महिला को 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है। महिला ने कहा कि यह पुनर्जन्म है। जब जांच रिपोर्ट में कोरोना निकला तो वह हार गई थीं। लेकिन मन को मजबूत कर इस बीमारी से लडऩे में मदद मिली। यहां के चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से भरपूर प्यार मिला। इनलोगों ने नई जिंदगी दी।
अस्पताल से डिस्चार्ज हुई महिला ने कहा कि होम क्वारंटाइन के बाद वह लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक करेंगी। डॉ. हेमशंकर शर्मा ने महिला की हौसलाआफजाई की।
कई मरीजों का लिया गया सैंपल, जल्द होंगे डिस्चार्ज
कोरोना मामले के नोडल पदाधिकारी डॉ. हेमशंकर शर्मा ने कहा कि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कई मरीजों का सैंपल लिया गया है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवगछिया की महिला को 22 अप्रैल को भर्ती किया गया था। महिला की लगातार तीन रिपोर्ट निगेटिव आ रही थी। चार दिन पहले ही डिस्चार्ज करने की तैयारी हुई थी। इस बीच चौथी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परेशानी बढ़ गई। इसके बाद फिर से दवाइयों और खानपान में बदलाव किया गया। फिर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया और शुक्रवार को रिपोर्ट निगेटिव आई।