Corona effect : बढ़ी घरेलू गेम 'लूडो' की लोकप्रियता; मम्मा यह रहा छह और चार, आपकी गोटी मर गई
Corona effect लॉकडाउन ने एक बार फिर घरेलू गेम की लोकप्रियता बढ़ा दी है। लोग अपने-अपने घरों में लूडो खेल रहे हैं। आपस में सभी स्वजन एक साथ बैठते हैं।
भागलपुर [रजनीश]। छौ-चार आ गया। मम्मा आपकी गोटी मर गई, हम जीत गए। बच्चों की यह आवाज घरों में फिर सुनाई दे रही है। डिजिटल युग मे गुम हो गए घरेलू गेम 'लूडो' की लोकप्रियता फिर बढ़ गई है। लॉकडाउन में लोग घर-घर लूडो खेल रहे हैं। बच्चों के इस खेल बड़े-बुजुर्गों का साथ मिल रहा है। लूडो, कैरम और शतरंज की डिमांड बढ़ गई है। यही वजह है कि अप्रैल से जुलाई तक भागलपुर में 70 लाख के करीब लूडो, कैरम बोर्ड, शतरंज और घरेलू खेल सामानों की बिक्री हुई है। लॉकडाउन में घर में बैठे बोर हो रहे हैं बच्चे और बड़ों के लिए यह टाइमपास के साथ-साथ मनोरंजन का बड़ा साधन बन गया है। एक बार फिर बच्चे मनोरंजन के उन्हीं पुराने साधनों पर लौट आए, जिन्हें पहले घर के कोने में फेंक चुके थे। बच्चे इन दिनों घर में कैरम, लूडो व सांप-सीढ़ी खेल टाइम पास कर रहे हैं। अभी स्थिति यह है कि 20 दुकानों का चक्कर काटने के बाद दुकानों में घरेलू खेल सामग्रियां मिल रही है। स्टेशनरी दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि खेल सामग्रियों की डिमांड अभी ज्यादा है। लॉकडाउन से पहले पूरे दिन में चार से पांच बिकते थे। लेकिन, हाल के महीनों में बिक्री की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।
ऑनलाइन पढ़ाई के बाद रम जाते हैं घरेलू खेल में
लॉकडाउन में स्कूल है बंद है। बच्चों की पढ़ाई और होमवर्क स्कूलों से ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। पढ़ाई समाप्त करने के बाद बच्चे अपने खेल में रम जाते हैं। शहर के व्यवसायी अश्विनी जोशी मोंटी, जानी संथालिया, सुमित जैन और अन्य बताया कि शनिवार से दुकान खुली है। कारोबार शुरू हो गया है। लेकिन रात में घर पहुंचने के बाद बच्चे लूडो खेलने के लिए जिद करने लगते हैं। इस वजह से हर दिन बच्चों के साथ लूडो खेल कर मनोरंजन करते हैं। रेल अधिकारी ने बताया कि अभी ट्रेनों का परिचालन नहीं हो रहा है इस कारण काम का दबाव भी कम है। ऐसे में घर घर पहुंच जाते हैं और बच्चों के साथ लूडो और शतरंज खेल कर मनोरंजन करते हैं।
मुख्य बातें
-120 दिनों में 70 लाख की बिक गई लूडो
-घरेलू खेल सामान की डिमांड बढ़ी
-20 दुकानों के चक्कर काटने के बाद मिल रहा लूडो
-लॉकडाउन में बच्चों की इस गोटी गेम ने बुजुर्ग को भी जोड़ा