Corona effect : खाद्यान्न वितरित कर मानवता धर्म निभा कर कई संगठन और राजनीतिक पार्टी के नेता
कोरोना वायरस से सुरक्षा को लेकर किए गए लॉकडाउन के कारण गरीबों का रोजी-रोजगार पूरी तरह ठप हो गया है। जानमाल की सुरक्षा को लेकर लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं।
भागलपुर, जेएनएन। भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे के निवास पर जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न वितरण के लिए तीन हजार बड़े पैकेट तैयार किए गए हैं। यह पैकेट 15 हजार लोगों के लिए अगले 10 दिनों तक पर्याप्त राशन व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
अर्जित ने बताया कि चारों मंडल के सभी वार्डों में पैकेट बांटने का कार्य प्रारंभ हो गया है। उनके आवास पर तीन शिफ्ट में अलग-अलग मंडलों के 10 भाजपा कार्यकर्ता अपना समय दे रहें हैं और जरूरतमंदों के लिए पैकेट तैयार कर रहे हैं। प्रत्येक 15 किलो के पैकेट में पांच किलो आटा, पांच किलो चावल, दो किलो चूड़ा, दो किलो आलू, एक किलो दाल, सरसों तेल, नामक, दालमोट, बिस्किट, साबुन आदि 10 दिनों का राशन दिया जा रहा है, ताकि भोजन की समस्या नहीं आए।
उन्होंने बताया कि वार्डों से जरूरतमंद लोगों की सूची आ गई है, जिनमें घरेलू कार्य करने वाले, दैनिक मजदूर, रिक्शा-ठेला चालक, फल-सब्जी वितरक, खोमचा वाले, बेरोजगार, कचरा-कागज चुनने वाले आदि हैं। सभी कार्यकर्ताओं को अर्जित ने प्रण दिलाया कि जब तक प्रतिदिन जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं करा दें, तब तक कोई भी भोजन ग्रहण न करे। खाद्य वितरण में अभय कुमार घोष सोनू, देवकुमार पांडेय, सुरेंद्र पाठक देव, पंकज सिंह, सुधीर भगत, प्रमोद वर्मा पामी, निरंजन सिंह, मुन्ना सिंह, संजय भट्ट, माखन सिंह, गुलशन सिंह, अरुण चौबे, सुधीर चौधरी, चंदन ठाकुर आदि लगे हैं।
दूसरी तरफ, भाजपा नेत्री सह पूर्व उप महापौर डॉ प्रीति शेखर भी लगातार गरीबों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण कर रहीं हैं। भागलपुर शहर के विभिन्न मुहल्लों में वे लगातार इस मानवता के कार्य में लगी हुईं हैं।
सौ लोगों के बीच भोजन का किया वितरण
कोरोना वायरस से सुरक्षा को लेकर किए गए लॉकडाउन के कारण गरीबों का रोजी-रोजगार पूरी तरह ठप हो गया है। जानमाल की सुरक्षा को लेकर लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं। उनके पास खाने-पीने का सामान नहीं है। ऐसे जरूरतमंदों की सहायता के लिए स्काउट गाइड ने भी अपना हाथ बढ़ाया है।
इसी कड़ी में स्काउट गाइड ने अभियान की शुरुआत बूढ़ानाथ झोपड़पट्टी से की। वहां रह रहे 100 गरीब लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया। इस कार्य में उपाध्यक्ष शैलेंद्र सर्राफ, विद्या झा, डॉ. कुमारी आशा, सचिव प्रवीण कुमार झा, संगठन आयुक्त बिपिन कुमार सिंह एवं कोषाध्यक्ष नीरज कुमार राय की सक्रिय भूमिका रही। वितरण कार्य में अन्य का भी भरपूर सहयोग रहा। सचिव ने कहा पीडि़त मानवता की सेवा का कार्य लॉकडाउन तक जारी रहेगा।