Corona Effect : अर्जित ने बांटे भोजन, अश्विनी और शाहनवाज ने की यह अपील
Corona Effect लॉकडाउन में राज्य के बाहर फंसे लोगों को लाने और उन्हें वहां समुचित व्यवस्था मुहैया कराने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री ने राज्य सरकार से अपील की है।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से बचने और इसके प्रसार को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है। भाजपा नेताओं ने ऐसे लोग जो लॉकडाउन में भोजन के लिए परेशान हैं, उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य अश्विनी कुमार चौबे और पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी लोगों को अपील की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के भागलपुर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय भी लगातार जिले भर में राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं।
अर्जित के माध्यम से बांटी जा रही राहत सामग्री
भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे के माध्यम से लगातार जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री बांटी जा रही है। मंगलवार को दस वार्डों में राहत सामग्री का वितरण किया गया। विकलांग, विधवा, असहाय गरीब-मजदूरों के बीच भाजपा नेताओं ने राहत सामग्री का वितरण किया। अर्जित ने बताया कि 50 से अधिक जरूरतमंदों ने राहत सामग्री देने का आग्रह किया था। उनके घरों तक जाकर राहत सामग्री का वितरण कराया गया।
भागलपुर में झारखंड और बंगाल के मरीजों की होगी जांच
जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में कोरोना टेस्टिंग लैब काम करने लगेगा। यहां बिहार के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल के 16 जिलों के लोगों की जांच होगी। यह जानकारी भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे ने शनिवार को दी है। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से बायोलॉजिकल टेस्टिंग लैब खोलने के लिए आग्रह किया जा रहा था। लेकिन कुछ तकनीकी कारण से लैब स्थापित नहीं हो पा रहा था। मंत्री चौबे ने विशेष पहल करते हुए कई बार सूबे के स्वास्थ्य मंत्री व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से टेस्टिंग लैब प्रारंभ करने को कहा था। स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि तीन मई से लैब कार्य करने लगेगा।
छात्रों को लेकर चौबे ने की राज्यपाल से बात
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से बात की। उन्होंने आग्रह कि कोटा में रह रहे बिहार के छात्र-छात्राओं का उचित देखभाल हो। उन्होंने राज्यपाल को बिहार के अभिभावकों की चिंता से अवगत कराया। राज्यपाल ने उन्हें आश्वस्त कराया कि छात्रों को हर संभव मदद मिलेगी। मंत्री ने ट्वीट कर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह किया कि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। चौबे ने कहा है कि सोशल मीडिया एवं फोन के माध्यम से बड़ी संख्या में कोटा में रह रहे छात्रों के अभिभावकों ने अपनी चिंता से अवगत कराया था।
शाहनवाज ने कहा, मदद के दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखें
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर के लोगों से बात कर संकट में फंसे लोगों की मदद के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर भागलपुर और नवगछिया के कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं की ओर से जरूरतमंदों की मदद की सराहना की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुए इस संवाद में यहां के कार्यकर्ताओं और समाजसेवी संगठनों के साथ देश के अलग-अलग इलाकों से वे लोग भी जुड़े, जो संकट के दौर में अपने-अपने इलाके में फंसे भागलपुर, अररिया और किशनगंज समेत अन्य क्षेत्र की जनता की मदद कर रहे हैं। शाहनवाज ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा समाजसेवा का कार्य बहुत ही अच्छे तरीके से चल रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि संकट की घड़ी में गरीब और लाचार लोगों की जितनी मदद हो सके, वह की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के दौरान यह याद रखना है कि शारीरिक दूरी को लेकर कहीं भी कोई लापरवाही नहीं हो।