Corona Effect: बिहार में ऑनलाइन वुशू चैंपियनशिप का आयोजन, 25 जिलों के 130 खिलाड़ी शामिल
इन ऑनलाइन वुशू खेल में बिहार के 25 जिलों के करीब 130 खिलाड़ी एप के माध्यम से जुड़े। इसमें भागलपुर के छह खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण ने खेल की दुनिया में भी व्यापक बदलाव ला दिया है। प्रतियोगिता भी मैदान पर नहीं, बल्कि ऑनलाइन। बिहार वुशू संघ ने पहली बार ऑनलाइन राज्यस्तरीय प्रतियोगता का सफल आयोजन किया। इसमें बिहार के 25 जिलों के करीब 130 खिलाड़ी एेप के माध्यम से जुड़े। इसमें भागलपुर के छह खिलाडिय़ों ने भाग लिया। माउंट कार्मेल की खिलाड़ी अर्पिता दास ने ताओलू की चांगछान स्पर्धा में स्वर्ण पदक, नानछवान में कृतिका आंनद ने दो रजत पदक और जिया कुमारी ने दो स्पर्द्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी खाली हाथ व हथियार के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। इसमें 30 सेकेंड तक खिलाडिय़ों ने पंच, किक, जंप, स्टांस आदि का प्रदर्शन किया। साईं कोच आनंद वाघेला ने खिलाडिय़ों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर परिणाम की घोषणा की। जिला वुशू संघ के जिला सचिव राजेश कुमार साह ने बताया कि लॉकडाउन की स्थिति में भारतीय वुशू संघ ने सभी राज्यों में ऑनलाइन ताओलू प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें सफल खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। ये खिलाड़ी 15 से 18 मई तक राष्ट्रीय वुशू ऑनलाइन ताओलू प्रतियोगिता में भाग लेंगे। भारतीय वुशू संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह वाजवा ने प्रतियोगिता की सफलता पर बिहार संघ को बधाई दी है।