जन आकांक्षा रैली : बोले प्रदेश पर्यवेक्षक-एनडीए सरकार से जनता अब ऊब चुकी है
तीन फरवरी को पटना में आयोजित जन आकांक्षा रैली को सफल बनाने के लिए जिले के कांग्रेसी सक्रिय हैं। बैठक में रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों के आने की अपील की।
भागलपुर [जेएनएन]। तीन फरवरी को पटना में आयोजित जन आकांक्षा रैली को सफल बनाने के लिए बैठकों का दौर जारी है। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित अनुसूचित जाति विभाग की बैठक में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पासवान के मुताबिक जिला से अनुसूचित जाति के सात सौ कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। प्रत्येक प्रखंड में कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल होने के लिए संपर्क किया जा रहा है।
पटना से आए प्रदेश पर्यवेक्षक अशोक पासवान ने कहा कि एनडीए सरकार से जनता अब ऊब चुकी है, बदलाव चाह रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सैयद सज्जाद अली साह, विपिन बिहारी यादव, अनामिका शर्मा, जयप्रकाश पासवान, गिरीश प्रसाद सिंह आदि ने विचार दिए।
बैठक में निरंजन रजक, अशोक दास, दिवाकर पासवान, शालीग्राम पासवान, उमेश दास, सोनू कुमार, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे। बुधवार को विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और विधायक अजीत शर्मा द्वारा संयुक्त प्रेसवार्ता में जिला से छह हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में जाने का दावा कर चुके हैं। जिलाध्यक्ष ने भी एक सप्ताह पूर्व प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक कर रैली को सफल बनाने की अपील की है।
वहीं, कांग्रेसियों ने रैली को सफल बनाने के लिए मशाल जुलूस भी निकाला। इसमें दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता केन्द्र और राज्य सरकार के विरोध में नारे लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रियंका के पार्टी में सक्रिय रूप से आ जाने से कांग्रेस और मजबूत हुई है।