कोल्ड ड्रिंक के आदी हैं बच्चे... तो संभल जाइए, जानिए...क्या बता रहे चिकित्सक Bhagalpur News
कोल्ड ड्रिंक नुकसानदायक है। इससे बच्चों को काफी नुकसान होता है। इस संबंध में जानिए जेएलएनएमसीएच के चिकित्सक क्या बता रहे।
भागलपुर [जेएनएन]। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पदस्थापित हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सेहल खान आबिद ने कहा कि कोल्ड ड्रिंक की आदत बच्चों की हड्डियों को कमजोर बना रही है। कोल्ड ड्रिंक पीने से फास्फेट बढ़ता है और कैल्शियम की मात्रा को कम करता है। इससे हड्डी कमजोर होती है। कोल्ड ड्रिंक पीने से परहेज करना चाहिए। डॉ. खान हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में फोन के माध्यम से पाठकों के सवालों का समाधान किया।
बच्चों में विटामिन डी की कमी से रिकेट्स बीमारी होती है। जोड़ों में दर्द, मानसिक और शारीरिक विकास में रुकावट, बालों का पतला होना और पेट बढऩा इस बीमारी से लक्षण हैं। बढ़ती उम्र के साथ मोटापा की वजह से घुटना में दर्द होना अब सामान्य बीमारी हो गई है। इससे बचने के लिए सुबह के धूप में कुछ देर रहने से विटामिन की कमी दूर होगी। इसके अलावा पालथी मारकर बैठने से भी घुटना में दर्द होता है। अगर वजन ज्यादा है तो उसे दूर करें और रोज व्यायाम करें। 50 वर्ष की उम्र से पुरुषों में कैल्शियम की कमी होने लगती है।
वहीं, महिलाओं में माहवारी बंद होने के बाद हारमोन में बदलाव के चलते कैल्शियम कम हो जाता है। हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। थोड़ी सी चोट लगने से फ्रैक्चर हो जाता है। इस उम्र में कैल्शियम की कमी को दूर करने के लिए दूध, खजूर, अखरोट, मछली आदि खाना चाहिए। जिन लोगों को मधुमेह और थायरायड है उन्हें मोटा और मुलायम चप्पल पहनना चाहिए, दानेदार चप्पल नहीं। दानेदार चप्पल पहनने से तलवा में सूजन हो जाता है और दर्द होने लगता है।
प्रश्न : मेरी उम्र 30 वर्ष है। दो माह से कमर में दर्द रहता है। किराना की दुकान चलाते हैं। - राजेश कुमार, अकबरनगर
झुककर बैठने से मांसपेशी कमजोर होने लगती है। कुर्सी पर सीधा होकर बैठे, व्यायाम करें।
प्रश्न : कमर के नीचे दर्द होता है जो पैर तक चला जाता है। दो वर्ष से ऐसा हो रहा है। पैर में भारीपन रहता है। - राज कुमार साह, भागलपुर
रीढ़ की हड्डी से नस पर दबाव पडऩे से दर्द होता है। अगर ज्यादा दर्द बढ़ेगा तो एमआरआइ जांच करानी होगी। झुककर कोई सामान नहीं उठाएं। कमर का व्यायाम नियमित करें।
प्रश्न : मेरी उम्र 35 वर्ष है। एड़ी में दर्द होता है। - मनु यादव, जवारीपुर
मधुमेह और थायरायड की जांच करवा लें। थायरायड और मधुमेह रहने से भी दर्द होता है। रात में गर्म पानी से एडी को सेकें। मुलायम चप्पल पहनें। दानेदार चप्पल पहनने से तलवा के भीतर फेसिया का लेयर होता है, उसमें सूजन होता है। सुबह उठने पर जमीन पर पैर रखना मुश्किल हो जाता है।