भागलपुर : घर के आगे ब्राउन शुगर बेचने से मना किया तो CISF के इंस्पेक्टर की पत्नी व बेटे पर हमला; सिर फोड़ा, तोड़ी उंगली
भागलपुर में सीआईएसएफ सब इंस्पेक्टर के परिवार पर ब्राउन शुगर और अवैध शराब की बिक्री का विरोध करने पर हमला ...और पढ़ें

भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई घटना। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ब्राउन शुगर बिक्री रोकने पर CISF परिवार पर हमला।
पत्नी-बेटे को लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल।
हमले की वारदात सीसीटीवी में हुई कैद।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत यादव टोला फतेहपुर में घर के आगे ब्राउन शुगर और अवैध शराब की बिक्री का विरोध करना सीआईएसएफ (CISF) के एक सब इंस्पेक्टर के परिवार को भारी पड़ गया। नशा तस्करों और उनके सहयोगियों ने एकजुट होकर दारोगा के घर में धावा बोल दिया और उनकी पत्नी व बेटे को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।
गंभीर रूप से जख्मी 51 वर्षीया सोनी देवी के बयान पर औद्योगिक थाने में पांच नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
पुलिस को दिए आवेदन में सीआईएसएफ एसआई पंकज कुमार की पत्नी सोनी देवी ने बताया कि उनके पति केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में पदस्थापित हैं और सेवा के सिलसिले में बाहर रहते हैं। वह गांव में अपने 28 वर्षीय बेटे आनंद कुमार के साथ रहती हैं।
उनके घर के ठीक सामने गांव का ही युवक आदर्श कुमार (22 वर्ष) खुलेआम ब्राउन शुगर और शराब की अवैध खरीद-बिक्री करता है।इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद, गाली-गलौज और तनाव की स्थिति बन चुकी थी। आरोपित अक्सर उनके अहाते में शराब की खाली बोतलें फेंककर उपद्रव करते थे।
गेट के सामने नशा बेचने से मना करने पर भड़के आरोपित
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे आदर्श कुमार उनके मुख्य गेट के ठीक आगे संदिग्ध नशे का सामान बेच रहा था। इसका जब बेटे आनंद कुमार ने विरोध किया और दरवाजे के सामने से हटने को कहा, तो आरोपित गाली-गलौज करते हुए आगबबूला हो गया।
फतेहपुर कांड: मुख्य तथ्य एक नजर में
घटनास्थल: यादव टोला, फतेहपुर (औद्योगिक थाना, भागलपुर)।
पीड़ित परिवार: सीआईएसएफ में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार का परिवार (पत्नी सोनी देवी व पुत्र आनंद कुमार)।
विवाद की वजह: घर के मुख्य द्वार के सामने ब्राउन शुगर (स्मैक) और अवैध शराब की खुलेआम बिक्री का विरोध करना।
नामित आरोपित (कुल 5):
बाबूलाल यादव (70 वर्ष)
अवधेश यादव (48 वर्ष)
आदर्श कुमार (22 वर्ष)
सुमित कुमार (25 वर्ष)
अमित कुमार (27 वर्ष)
अहम साक्ष्य: वारदात का पूरा फुटेज पीड़ित पक्ष के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड।
देखते ही देखते आदर्श ने अपने परिजनों बाबूलाल यादव (70 वर्ष), अवधेश यादव (48 वर्ष), सुमित कुमार (25 वर्ष) और अमित कुमार (27 वर्ष) को बुला लिया। सभी लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन घर की चहारदीवारी के भीतर घुस आए और मां-बेटे पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिया।
बेटे का दबाया गला, मां का सिर फटा और टूटी उंगली
हमलावरों ने निहत्थे मां-बेटे को बेरहमी से पीटा। सोनी देवी के सिर पर डंडे से जोरदार वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और भारी मात्रा में खून बहने लगा। बीच-बचाव के दौरान उनके दाएं हाथ की बीच वाली उंगली भी टूट गई। आरोप है कि आदर्श कुमार ने आनंद का गला दबाकर उसकी जान लेने की कोशिश की।
मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर जुटने लगे, तब जाकर दोनों की जान बची। ग्रामीणों का हुजूम देखते ही सभी हमलावर भाग निकले और जाते-जाते पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की खुली धमकी दे गए।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही छापेमारी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पूरी हिंसक वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो फुटेज उन्होंने साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपने के लिए सुरक्षित रखा है। औद्योगिक थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान ने बताया कि पीड़िता के बयान पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
