'महाभियोग लाना है तो लाइए ना': भागलपुर में बोले चिराग पासवान, पूछा- बिहार में कब बना था कांग्रेस का आखिरी CM?
Chirag Paswan In Bhagalpur: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भागलपुर में विपक्ष पर देश में अशांति और अराजकता फैलाने की ...और पढ़ें

Chirag Paswan In Bhagalpur: भागलपुर में विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान।
HighLights
चिराग पासवान ने विपक्ष पर देश में अशांति फैलाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस को बिहार में आखिरी मुख्यमंत्री पर सवाल किया।
विपक्ष के ईवीएम और 'मॉक पार्लियामेंट' पर तंज कसा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chirag Paswan In Bhagalpur: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि विपक्षी दल अपनी संकीर्ण राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए देश के भीतर अशांति और अराजकता का माहौल पैदा करने की साजिश रच रहे हैं।
भागलपुर में अपने दलीय सांसद के एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे चिराग पासवान ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देशवासियों को ऐसे असामाजिक तत्वों और ताकतों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और देश की 140 करोड़ से अधिक जागरूक जनता ऐसे विघटनकारी प्रयासों पर पैनी नजर रख रही है।
भारत को बांग्लादेश और यूरोप जैसा बनाने की चाहत न पाले विपक्ष
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता बार-बार भारत के हालात की तुलना बांग्लादेश के घटनाक्रम से करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि भारत में भी फ्रांस, इटली और स्पेन जैसे हालात बन जाएं, जहां आंतरिक अशांति फैली हुई है।
उन्होंने नेपाल में हुए राजनीतिक उलटफेर और बांग्लादेश के ताजा हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि एक स्थिर, विकासशील और मजबूत भारत में इस तरह की अराजक परिस्थितियां पैदा करने की कोशिशें बेहद शर्मनाक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश का कोई भी सच्चा और देशभक्त नागरिक विदेशी ताकतों की शह पर लोकतंत्र को अस्थिर नहीं होने देगा। उन्होंने चिंता जताई कि लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शनों की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व विदेशी एजेंडे को मजबूत करने में जुटे हैं, जो किसी भी जिम्मेदार विपक्ष का आचरण नहीं हो सकता।
संसद का बहिष्कार और खड़गे के घर 'मॉक पार्लियामेंट' पर तंज
विपक्ष द्वारा महाभियोग लाने की चर्चाओं पर पलटवार करते हुए चिराग पासवान ने खुली चुनौती देते हुए कहा, “लाइए ना, आपको किसने रोका है?” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन चलने के दौरान संसद को बाधित करता है और अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर 'मॉक पार्लियामेंट' का तमाशा कर रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि विपक्ष ने संसद के पूरे मॉनसून सत्र का अनुचित बहिष्कार कर जनता के गाढ़े पसीने की कमाई और सदन के बहुमूल्य समय को बर्बाद किया है।
ईवीएम का रोना और जनाधार पर कड़ा सवाल
चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर (SIR) का बहाना बनाकर छिपने की कोशिश करता है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जब हालिया एमएलसी चुनाव पारंपरिक बैलेट पेपर से कराए गए, तब विपक्ष और विशेष रूप से कांग्रेस कहां थी? विपक्ष केवल नागपुर की सीट तक सिमट कर रह गया।
बिहार और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस से तीखा सवाल पूछा, “विपक्ष बताए कि बिहार में कांग्रेस का आखिरी मुख्यमंत्री कब बना था? क्या उस समय देश में ईवीएम या एसआईआर था?” उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दशकों से कई बड़े राज्यों की जनता ने विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया है, लेकिन वे आत्ममंथन करने के बजाय जनता के संसाधनों की बर्बादी में लगे हैं।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि उनकी पार्टी लगातार विभिन्न व्यापार संघों और आम जनमानस से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी व्यावहारिक समस्याओं का धरातल पर समाधान निकालने का कार्य कर रही है। इस प्रेस वार्ता में खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, भागलपुर के सांसद अजय मंडल सहित एनडीए व लोजपा (रामविलास) के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।