CM नीतीश कुमार के आने का कार्यक्रम हुआ तय, जिला प्रशासन ने की तैयारी Bhagalpur News
मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व मुख्यालय से दस बिंदुओं पर जानकारी मांगी। इसके लिए एक परफॉर्मा भी भेजा गया है। नीतीश कुमार नौ जनवरी को भागलपुर आएंगे।
भागलपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दौरान नौ जनवरी को भागलपुर आएंगे। डीएम प्रणव कुमार ने अपने कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व मुख्यालय से दस बिंदुओं पर जानकारी मांगी। इसके लिए एक परफॉर्मा भी भेजा गया है। परफॉर्मा के आधार पर डीएम ने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं से जानकारी ली। मुख्यमंत्री इन्हीं बिंदुओं पर बैठक करेंगे। परफॉर्मा में जल-जीवन-हरियाली को लेकर कितने तालाबों की खोज की गई है। कितने तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। कितने का सौंदर्यीकरण हुआ है आदि की जानकारी मांगी गई है। सात निश्चय के संबंध में जानकारी मांगी गई है।
डीएम ने पथ निर्माण विभाग, एनएच-80 व ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को आदेश दिया है कि मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत महत्वपूर्ण पथों का मरम्मत कार्य अविलंब सुनिश्चित कराएं। विद्युत कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में मुख्यमंत्री बैठक करेंगे। बैठक के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगे। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि एसडीओ सदर से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल, रूट लाइनिंग व अन्य स्थलों पर बेरिकैडिंग करेंगे।
सीएम के दौरे की तैयारी में जुटा निगम, हटाया होर्डिंग
जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नौ जनवरी को समाहारणालय सभागार में योजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन पर शहर साफ-सुथरा दिखे इसके लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसके तहत हवाई अड्डा से लेकर सर्किट हाउस और डीआरडीए तक मुख्य मार्ग में रखे कूड़ेदान को आठ जनवरी की शाम तक हटा दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को मार्ग में कहीं भी गंदगी का अंबार नहीं दिखे। इसके लिए हवाई अड्डा से लेकर सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर मार्गों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ शाखा के जोनल प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। शहर के मुख्य पथों की समूचित सफाई के साथ चूना व ब्लीचिंग का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है। जोनल प्रभारी राकेश भारती को डीआरडीए परिसर, सर्किट हाउस व हवाई अड्डा के संपर्क पथों की सफाई का निर्देश नगर आयुक्त ने दिया है। नगर आयुक्त ने उपनगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा को नाथनगर चंपा पुल से कचहरी चौक, उपनगर आयुक्त प्रफुल्ल चंद्र यादव को हवाई अड््डा से डीआरडीए तक, उपनगर आयुक्त रीता कुमारी को सर्किट हाउस से जीरोमाइल तक सफाई के साथ चूना, ब्लीचिंग के छिड़काव करवाने का दायित्व दिया गया है।
सैंडिस के बाहर मुख्य मार्ग से हटाया जा रहा होर्डिंग
मुख्यमंत्री के लिए सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर मुख्य मार्ग का स्वरूप बदलने की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। रविवार को नगर निगम कार्यालय चौक के आसपास अवैध होर्डिंग को हटाया गया। इसके साथ यूनिपोल में लगे होर्डिंग को हटाने के लिए निगम अभियान चला रहा है। हवाई अड्डा से लेकर तिलकामांझी चौक व कचहरी चौक से नगर निगम चौक तक यूनिपोल से अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे। इसमें नगर निगम, स्मार्ट सिटी समेत सरकारी योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया गया है। होर्डिंग शाखा प्रभारी अजय शर्मा को आठ जनवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।