पटना एयरपोर्ट से निकली कार में अचानक लगी आग, ब्लास्ट होने से पहले कूदकर बचे अदाणी प्लांट जा रहे 2 इंजीनियर
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर पीरपैंती-शिवनारायणपुर के बीच ककरघट के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई।

जल गई कार। (जागरण)
HighLights
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर चलती कार में लगी आग।
चालक सहित दो लोगों ने कूदकर बचाई अपनी जान।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का प्रयास किया।
संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। मुंगेर-मिर्जाचौकी निर्माणाधीन फोरलेन पर पीरपैंती-शिवनारायणपुर के बीच लक्ष्मीपुर ककरघट के पास सोमवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक सीएनजी डिजायर कार में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। उसी रास्ते से जा रहे मुखिया संघ प्रदेश उपाध्यक्ष झुम्पा सिंह गाड़ी से आग की तेज लपटें उठती देख पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज राउत को सूचना दी।

एसआई संतोष कुमार छोटी दमकल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
कार में सवार तीनों लोग बाल-बाल बच गए। समय रहते गाड़ी से उतरकर तीनों ने अपनी जान बचाई। कार से निकलते ही ब्लास्ट होने लगा और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कार पर चालक प्रेमचंद कुमार के अलावा इंजीनियर रजत और संदीप सवार थे।
इंजीनियर रजत ने बताया कि वे गुजरात से पटना हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। वहां से किराए पर डिजायर कार लेकर अदाणी पावर प्लांट में पाइलिंग की टेस्टिंग के लिए आवश्यक सामान के साथ जा रहे थे।
दिन के करीब 11 बजे एयरपोर्ट पटना से निकले थे। लक्ष्मीपुर के पास देर शाम करीब साढ़े सात बजे पहुंचते ही कार में आग लग गई।
स्थिति को भांपते हुए पटना निवासी चालक प्रेमचंद ने तुरंत सभी को गाड़ी से उतरने को कहा। तीनों के उतरते ही कार आग की लपटों से घिर गई। इसकी सूचना पीरपैंती पावर प्लांट के कर्मियों को फोन पर दी।
यह भी पढ़ें- अगरबत्ती की सुगंध से महकी जिंदगी, भागलपुर की सपना ने बदली कई परिवारों की तकदीर
