किसान की नृशंस हत्या, अपराधियों ने फोड़ दी आख
खटाल में सो रहे एक 50 वर्षीय अधेड़ की शुक्रवार देर रात को अज्ञात अपराधियों ने नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद उनकी आंख भी फोड़ दी।
जमुई [जेएनएन]। बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर में गंगरा बाइपास सड़क के किनारे जोगिया बहियार स्थित खटाल में एक 50 वर्षीय अधेड़ की शुक्रवार देर रात को अज्ञात अपराधियों ने नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान लखीसराय जिला के पिपरिया थाना अंतर्गत मालपुर गांव निवासी परमानंद सिंह के रूप में हुई है। अपराधियों ने परमानंद सिंह की एक आंख भी फोड़ दी।
लोगों के अनुसार परमानंद जोगिया बहियार में पिछले 30 वर्षों से अपनी खटाल में रह रहे थे। वे लगभग 10 बीघा जमीन पर खेतीबाड़ी व मवेशी पालन का काम करते थे। शनिवार सुबह टूना देवी नामक महिला जब खटाल में गोइठा ठोंकने आई तो उन्होंने देखा कि मवेशियों को चारा नहीं दिया गया है। आसपास खून के कुछ छींटे भी बिखरे पड़े थे।
उन्होंने परमानंद सिंह को आवाज भी लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने घटनास्थल से थोड़ी दूर पर रहने वाले गिद्धौर थाना के चौकीदार गंगा पासवान को बुलाया। चौकीदार गंगा पासवान ने परमानंद की लाश देखकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई भेज दिया गया है।