रंगरा में भाई ने भाई को पीटकर मार डाला, भूदान में मिली जमीन को लेकर हो रहा था विवाद Bhagalpur News
नवगछिया में उस समय मानवता शर्मसार हो गई जब एक भाई ने अपने ही सगे भाई की पीटकर हत्या कर दी। मामला जमीन विवाद को लेकर था।
भागलपुर [जेएनएन]। रंगरा चौक ओपी क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया में जमीन विवाद को लेकर पीट-पीटकर एक की हत्या कर दी गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक स्वर्गीय दुखाय दास का पुत्र अवधेश मंडल था। वहीं मृतक की पत्नी लालो देवी, प्रकाश मंडल की पत्नी चंद्री देवी, बहन फुलकुमारी देवी, पुत्र पुलकित मंडल, जगनाथ मंडल उर्फ सत्यम घायल हो गए। स्वजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भिजवाया।
फुलकित ने बताया कि हम लोग भूमिहीन हैं। भूदान से हम लोगों के दादा दुखाय दास के नाम से दो एकड़ 41 डिसमल जमीन खेती करने के लिए मिली थी। दादा के नाम से खतियान भी है। पिता अवधेश मंडल व चाचा प्रकाश मंडल के नाम से एक एकड़ 20 डिसमल जमीन की रसीद वर्ष 2019-20 से अलग-अलग कट रही है। उस जमीन पर जबरदस्ती चाचा सचिदानंद मंडल कब्जा कर रहे थे। जमीन की जोताई करने गए तो सचिदानंद मंडल, उलका पुत्र राजेश कुमार, टीको कुमार, उसकी पत्नी व दस अज्ञात अपराधी जो हथियार से लैश थे। सभी ने लाठी से हम लोगों की पिटाई करने लगे। जिससे हमारे पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाने के दौरान उनकी मौत हो गई। हम सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस संबंध में रंगरा ओपी प्रभारी को जमीन का कागज भी दिखाया था लेकिन वे आरोपित पक्ष से मिले हुए हैं। यदि पुलिस जमीन विवाद को सुलझा देती तो आज यह घटना नहीं होती।
मारपीट के समय हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी किंतु कोई देखने नहीं आया। घटना के पांच घंटा बीतने के पश्चात भी रंगरा ओपी प्रभारी को सूचना नहीं थी। इस संबंध में रंगरा ओपी प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सचिदानंद ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने देर रात मुख्य आरोपित सचिदानंद मंडल और टिंकू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।