BJP : नवमनोनीत मंडल अध्यक्षों का कहीं हुआ स्वागत तो कहीं विरोध में हुईं बैठकें Bhagalpur News
भागलपुर जिले के नवमनोयन भाजपा मंडल अध्यक्षों का कहीं स्वागत को हो रहा है तो कहीं विरोध में बैठकें की जा रहीं हैं। हालांकि अभी तक जिलाध्यक्ष के नाम यहां तय नहीं हुए हैं।
भागलपुर, जेएनएन। भागलपुर भाजपा जिलाध्यक्ष का मनोनयन फिलहाल रुका हुआ है। मनोनयन नहीं होने के कारण यहां के भाजपा कार्यकर्ताओं में संशय बरकरार है। जिलाध्यक्ष बनने के लिए रुबी दास, सोमनाथ शर्मा, राजीव मुन्ना, प्रदीप जैन, विनोद सिन्हा, योगेंद्र मंडल, रामनाथ पासवान, सज्जन अवस्थी, विजय कुशवाहा, रंजन सिंह, मुरारी पासवान और अनूप लाल साह आदि ने आवेदन दिया है। हालांकि आवेदन देने वालों में निवर्तमान जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय शामिल नहीं हैं। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय और उपाध्यक्ष दिलीप निराला पिछले तीन दिनों से पटना में कैंप किए हुए हैं। रोहित पांडेय ने बताया कि 23 दिसंबर को प्रदेश नेतृत्व शेष बचे हुए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा जिनका भी जिलाध्यक्ष के लिए मनोनयन होगा, वह सभी को स्वीकार्य होंगे।
मंडल अध्यक्षों का हो चुका है मनोनयन
इस बीच भागलपुर जिले में मंडल अध्यक्षों का मनोनयन हो गया है। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों का कहीं स्वागत को हो रहा है तो कहीं विरोध में बैठकें की जा रहीं हैं। जानकारी के अनुसार भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा मंडल अध्यक्षों को मनोनित किए जाने के साथ ही कहलगांव में कई नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध भी शुरू कर दिया है। ऐसे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व से पुनर्विचार की मांग की है। वहीं कई कार्यकर्ताओं द्वारा मनोनित मंडल अध्यक्षों का स्वागत भी किया जा रहा है।
कहलगांव नगर की नवमनोनित अध्यक्ष का स्वागत
कहलगांव नगर की नवमनोनित अध्यक्ष नितू चौबे का युवा क्लब बाबूटोला की ओर से गांगुली पार्क चौक पर शानदार अभिनंदन किया गया। पटाखे छोड़े गए। गुलाल उड़ाए गए और मिठाइयां बांटी गई। मौके पर विक्की चौधरी, रवि सिंह, उत्तम कुमार, शिशिर, दुर्गा पाण्डेय, सुमन सहाय, लालमणी, आशा सिंह, शिवानी, अनामिका, कृष्ण रंजन, राजीव शर्मा, मित्तल मंडल, सनम उपाध्याय, डा ओम शंकर, पोली पासवान आदि मौजूद थे। शिवनारायणपुर मंडल अध्यक्ष शशि शेखर, नंदलालपुर मंडल अध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह एवं सनोखर मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार दूबे का भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
कहलगांव नगर की नवमनोनित अध्यक्ष नितू चौबे का विरोध
गांगुली पार्क में ही भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने बैठक कर मनोनयन का विरोध करते हुए अविलंब पुनर्विचार करने की मांग की है। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष से मिलने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में विनय कुमार मल्लिक, सूरज कुमार जायसवाल, कर्नल दयानन्द, कृष्ण कुमार सिंह, रूपेश कुमार, रविकांत, मुन्ना तांती, नवीन कुमार पासवान, प्रशांत कुमार, अमोद कुमार आदि मौजूद थे। कहलगांव नगर की नवमनोनित अध्यक्ष नितू चौबे का बैठक में विरोध किया गया।
नवमनोनीत मंडल अध्यक्षों किया स्वागत
भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे ने भागलपुर विधानसभा के नवमनोनीत मंडल अध्यक्षों का स्वागत समारोह आयोजित किया। जिसमें कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। अर्जित चौबे ने ईश्वरनगर मंडल से शशि मोदी, तिलकामांझी मंडल से पंकज कुमार सिंह और विजय मित्रा मंडल से सुधीर भगत को तुलसी का पौधा देकर बधाई दी। अर्जित ने सभी मंडल अध्यक्षों को कहा कि संगठन को सशक्त करने और नए कार्यकर्ताओं का निर्माण करें।
भागलपुर जिले के मंडल अध्यक्षों की सूची
भागलपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी ने मंडल अध्यक्षों की सूची भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी सुरेश रूंगटा ने जारी कर दी। कुमार मंगलम को सुल्तानगंज उत्तरी, सुल्तानगंज दक्षिणी अनुसुमन कुमार, रोबिन कुमार सिंह शाहकुंड, संजय कुमार चौधरी सजौर, आशुतोष कुमार उर्फ रणजीत यादव नाथनगर, नीतू चौबे कहलगांव नगर, राज कुमार चौधरी सन्हौला, अनुज कुमार दुबे सनोखर, संतोष कुमार तांती गोराडीह, नरेंद्र झा जगदीशपुर, रितेश कुमार सबौर, ई. प्रिंस कुमार पीरपैंती उत्तरी, शशि शेखर शिवनारायणपुर, हेमंत कुमार सिंह को नंदलालपुर का मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। भागलपुर शहरी क्षेत्र में गौरव कुमार दास चंपानगर, सुधीर भगत विजय मित्रा नगर, पंकज कुमार तिलकामांझी और शशि मोदी को ईश्वरनगर का मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।