BJP Virtual Dialogue : सरकारी योजनाओं को नीचे तक पहुंचाएं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता
भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। लगातार ऑनलाइन संवाद हो रहा है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लगातार पार्टी के निर्देशों से अवगत कराया जा रहा है।
भागलपुर, जेएनएन। पीरपैंती विधानसभा में सोमवार को वर्चुअल युवा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विधानसभा के मुख्य सचेतक तारकिशोर प्रसाद थे। इस मौके पर उन्होंने युवाओं के बीच आत्मनिर्भर भारत व आत्मनिर्भर बिहार के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह युवाओं से ही संभव है। युवाओं में नया कुछ करने, सोचने की क्षमता होती है। लोकल उत्पादों को युवा ही बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं को नीचे तक ले जाने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को सौंपी। भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि इस बार होने वाला विधानसभा चुनाव और चुनावों से भिन्न होगा। इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बढ़ जाएगी। चुनाव तकनीकी आधारित होगा। इसमें युवाओं की भूमिका बढ़ जाएगी। कोरोना को लेकर मतदान का प्रतिशत कम नहीं हो, इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव ने संगठन की मजबूती एवं इसमें युवाओं की सक्रियता को बढ़ाने के लिए वन बूथ, टेन युथ के डिजिटलीकरण की बात कही। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बढ़ जाएगी।
इस मौके पर पीरपैंती के पूर्व प्रत्याशी ललन पासवान, पीरपैंती विधानसभा के पूर्व विधायक अमन पासवान, युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजित कुमार, जिला प्रभारी आनंद प्रकाश सहित पीरपैंती विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।