बहू को गोली मारने के आरोपित भाजपा नेता के फायरिंग का वीडियो वायरल
अस्पताल में इलाजरत महिमा ने वह वीडियो अपने फेसबुक पर भी पोस्ट किया। साथ ही लिखा है कि सूर्य शंकर साह के लाइसेंसी रिवाल्वर से उसकी बड़ी बहू हवाई फायरिंग करके मजा कर रही है।
भागलपुर [जेएनएन]। मिरजानहाट के मदनूचक में 13 मई को बहू महिमा भारती को गोली मारने वाले भाजपा नेता सूर्य शंकर साह उर्फ सूरज साह का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह एक महिला से अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग करा रहे हैं। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सूर्य शंकर साह महिला के हाथ में अपनी लाइसेंसी पिस्टल देकर फायरिंग कराते हैं। फायरिंग करते समय महिला मुस्करा रही है। गोली चलाने के बाद महिला के हाथ से सूर्य शंकर रिवाल्वर ले लेता है। वीडियो के बारे में महिमा का कहना है कि फायरिंग करने वाली महिला सूर्य शंकर की बड़ी बहू है। वहीं इस मामले में अब तक सूर्य शंकर फरार है।
महिमा ने फेसबुक पर भी डाला है वीडियो
अस्पताल में इलाजरत महिमा ने वह वीडियो अपने फेसबुक पर भी पोस्ट किया। साथ ही लिखा है कि सूर्य शंकर साह के लाइसेंसी रिवाल्वर से उसकी बड़ी बहू हवाई फायरिंग करके मजा कर रही है। घर के सभी सदस्य लाइसेंसी रिवाल्वर का मजाक बनाकर रखे हुए है। सरकार रिवाल्वर अपनी हिफाजत करने देती है या इसका दुरूपयोग करने देती है। इस वीडियो को काफी लोगों ने देखा है। इसके अलावा वीडियो को लगातार शेयर भी कर रहे हैं।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
महिमा को अक्सर उसके ससुर दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। आजिज होकर वह मायके में रहती थी। 13 मई को महिमा अपने पति के साथ मिरजानहाट स्थित अपने घर पहुंची। वह अपने कमरे से पलंग खोलकर ले जाने लगी। इसी का विरोध करते हुए सूर्य शंकर साह ने अपनी बहू को गोली मार दिया। इसके बाद खुद ही मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर रामएकबाल यादव को फोन कर कहा कि मैंने बहू को गोली मार दी है। दरअसल महिमा के पति भवेश भास्कर मुजफ्फरपुर स्टेट बैंक में थे। उनका प्रमोशन के बाद हाल ही में रांची तबादला हो गया है। इस कारण वे लोग अपने सामान को रांची शिफ्ट करना चाहते थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप