तीन तलाक विधेयक पारित होने पर भाजपा ने जताई खुशी, जदयू ने साधी चुप्पी Bhagalpur News
लोकसभा के बाद राज्यसभा में तीन तलाक बिल पास होने पर भाजपा नेताओं ने खुशी व्यक्त किया हैं। वहीं जदयू नेता इस विषय पर कुछ भी बोलने से बचते आ रहे हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। तीन तलाक को अपराध करार देने वाला विधेयक राज्यसभा से पारित होने पर भाजपा ने खुशी जताई है। हालांकि जदयू नेता इस विषय पर कुछ बोलने से पहरेज करते रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। करोड़ों मुस्लिम माताओं और बहनों की जीत हुई है और उन्हें सम्मान से जीने का हक मिला है। इससे स्पष्ट है कि यह सरकार देश की दिशा और दशा तय करेगी। सशक्त सरकार है, पूर्ण बहुमत है। सरकार कई ऐसे फैसले लेंगे, जो देशहित में है। देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित केन्द्र सरकार पर पूरा भरोसा है। भारत विश्व गुरु बनेगा। जो कुरीतियां हैं, वह भी समाप्त होगी।
जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह ने कहा कि सदियों से तीन तलाक की कुप्रथा से पीडि़त मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिला है। भाजपा ने सभी सांसदों का आभार व्यक्त किया है। जिला मीडिया प्रभारी रोशन सिंह ने कहा कि तीन तलाक बिल का पास होना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। देश को इस बात का गर्व है कि मुस्लिम महिलाओं को उनका हक देने का गौरव हमारी सरकार को प्राप्त हुआ है। ऐतिहासिक विधेयक के पारित होने पर भाजपा के जिला महामंत्री सरस्वती कुमार, विजय कुशवाहा, मुकेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला, विजय कुशवहा, संतोष कुमार, सोनू घोष, संतोष कुमार, आनंद शुक्ला, प्रो किरण सिंह, कन्हाई मंडल, जिला मंत्री विपुल सिंह, मुरारी पासवान, राजीव तिवारी, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, प्रदीप जैन, श्वेता सिंह, प्रणव दास, सुनील सिंह, प्यारे हिन्द ने बधाई दी है।
पार्टी के स्टैंड पर कायम हूं
राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन ने कहा कि तीन तलाक के मुद्दे पर वह पार्टी के निर्णय के साथ हैं। राज्यसभा में जदयू ने इस बिल का विरोध कर बहिष्कार कर दिया है। कहकशां ने कहा कि लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी तीन तलाक के मुद्दे पर पार्टी का एकमत है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी कोई निजी राय नहीं है।
वहीं, भागलपुर लोकसभा सांसद अजय मंडल ने कहा कि जदयू ने इस बिल का विरोध कर बहिष्कार कर दिया है। हम उसी पार्टी के सांसद हैं। इस कारण जदयू के निर्देश का पालन किया। उन्होंने इस विषय पर कुछ भी बोलने से इंकार किया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप