भागलपुर-दानापुर ट्रेन में खिड़की से मोबाइल छीन रहा था चोर! यात्री ने हाथ पकड़कर हवा में लटकाया, फिर धक्का देकर गिराया
भागलपुर-दानापुर ट्रेन में मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे एक युवक को यात्री ने पकड़ लिया, जिससे वह ट्रेन की ...और पढ़ें

भागलपुर-दानापुर ट्रेन में झपटमारी: हवा में झूलता रहा चोर! यात्री ने धक्का देकर नीचे गिराया, GRP और RPF जांच में जुटी
HighLights
चलती ट्रेन में मोबाइल छीनते चोर को यात्री ने पकड़ा।
चोर खिड़की से लटकता रहा, यात्री ने धक्का देकर गिराया।
घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, भागलपुर/मुंगेर। पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत रतनपुर और जमालपुर रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में मोबाइल झपटमारी के दौरान एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भागलपुर से दानापुर जा रही ट्रेन की खिड़की में बाहर से हाथ डालकर मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे एक युवक को यात्री ने रंगे हाथ दबोच लिया।
ट्रेन की रफ्तार बढ़ने पर युवक काफी दूर तक खिड़की के सहारे बोगी के बाहर हवा में लटकता रहा। इसके बाद यात्री ने उसे धक्का देकर नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरा दिया। इस पूरी घटना का एक सनसनीखेज वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के इंस्पेक्टर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिली है और यह सच है। पुलिस टीमें घायल युवक की पहचान और उसकी मौजूदा स्थिति की पड़ताल में जुट गई हैं।
खिड़की में हाथ डालकर छीन रहा था मोबाइल, यात्री ने दबोचा
जानकारी और वायरल वीडियो के अनुसार, भागलपुर-दानापुर ट्रेन जब रतनपुर स्टेशन से आगे बढ़ते हुए धीमी गति में चल रही थी, तभी ट्रैक किनारे से एक युवक ने खिड़की के अंदर हाथ डालकर सीट पर बैठे यात्री का मोबाइल फोन झपटने का प्रयास किया। यात्री ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए चोर की कलाई मजबूती से पकड़ ली।
इसी बीच ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। युवक खुद को छुड़ाने और पैर टिकाने के लिए छटपटाता रहा, लेकिन खिड़की के अंदर से यात्री ने उसकी पकड़ नहीं छोड़ी। नतीजतन, ट्रेन की तेज गति के बीच युवक काफी देर तक बोगी के बाहर लटकता रहा।

काफी दूर लटकाने के बाद दिया धक्का, नीचे गिरा युवक
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन जब पूरी गति में आ गई और युवक काफी दूर तक हवा में झूलता रहा, तभी खिड़की पर पकड़े यात्री ने उसे जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही युवक हाथ छूटने के बाद सीधे रेलवे ट्रैक किनारे जा गिरा। ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने इस खौफनाक घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रैक पर गिरने के बाद युवक की जान बची है या वह गंभीर रूप से जख्मी है। जीआरपी और आरपीएफ की टीम रतनपुर और जमालपुर के बीच रेलवे ट्रैक, आसपास के अस्पतालों और नजदीकी गांवों में युवक की तलाश कर रही है।
रतनपुर के पास झपटमारों का आतंक, यात्रियों ने उठाई सुरक्षा की मांग
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रतनपुर रेलवे स्टेशन और आउटर सिग्नल के आसपास ट्रेनों की गति धीमी होते ही खिड़की से मोबाइल और पर्स छीनने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। यहां सक्रिय गिरोह के सदस्य अक्सर खिड़की के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते हैं। यात्रियों ने रेल प्रशासन से इस संवेदनशील क्षेत्र में आरपीएफ और जीआरपी की गश्त बढ़ाने और झपटमार गिरोह के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
