मुंगेर सिंचाई विभाग के इंजीनियर नारद कुमार दास के भागलपुर आवास पर EOU का छापा; आय से अधिक संपत्ति का मामला
EOU Raid in Bhagalpur: आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मुंगेर सिंचाई विभाग के इंजीनियर नारद कुमार दास के भागलपुर स्थित ...और पढ़ें

EOU Raid in Bhagalpur: सिंचाई विभाग के इंजीनियर पर EOU का बड़ा शिकंजा
HighLights
ईओयू ने नारद कुमार दास के भागलपुर आवास पर छापा मारा।
आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई की जा रही है।
मुंगेर सिंचाई विभाग के इंजीनियर हैं नारद कुमार दास।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। EOU Raid in Bhagalpur: बिहार में भ्रष्ट लोकसेवकों और अकूत काली कमाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की विशेष टीम ने मुंगेर में तैनात सिंचाई विभाग के इंजीनियर नारद कुमार दास के भागलपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति (डीए केस) अर्जित करने के पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक व पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम सशस्त्र सुरक्षा बलों के साथ तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हनुमान पथ स्थित इंजीनियर नारद कुमार दास के आलीशान आवास पर पहुंची। अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया और आवास के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पटना से पहुंची टीम खंगाल रही संपत्ति के दस्तावेज
आर्थिक अपराध इकाई को इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से अकूत चल एवं अचल संपत्ति अर्जित करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्राथमिक जांच और गुप्त सत्यापन में आय से कई गुना अधिक परिसंपत्तियों के प्रमाण मिलने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट हासिल कर यह छापेमारी शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार, आवास के कमरों, अलमारियों और लॉकरों की गहन तलाशी ली जा रही है। टीम द्वारा विभिन्न बैंकों के खाते, सावधि जमा (एफडी), जमीन व फ्लैटों के निबंधन दस्तावेज, शेयर बाजार और बीमा पॉलिसियों में किए गए बड़े निवेश की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही घर में मौजूद नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों का भी तकनीकी विशेषज्ञों से वैल्यूएशन कराया जा रहा है।
मुंगेर सिंचाई विभाग में तैनाती
इंजीनियर नारद कुमार दास लंबे समय से मुंगेर में सिंचाई विभाग के अंतर्गत अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके भागलपुर स्थित आवास पर ईओयू की रेड पड़ते ही मुंगेर और भागलपुर के विभागीय गलियारों व संवेदकों (ठेकेदारों) के बीच खलबली मच गई है।
महकमे में मचा हड़कंप
घर के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने और सभी वित्तीय दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही बरामद कुल अनुपातहीन संपत्ति और मूल्यांकन का आधिकारिक ब्योरा ईओयू मुख्यालय द्वारा सार्वजनिक किया जाएगा।
