BIhar Board 10th Result 2020: अंतिक, स्तुति, पायल और आदित्य टॉप टेन में, जानिए... इनके सफलता के राज
BIhar Board 10th Result 2020 अररिया और सहरसा के चार विद्यार्थियों को टॉप टेन में जगह मिली है। दोनों जगह से दो-दो विद्यार्थी शामिल हैं। उनसे खास बातचीत।
अररिया/सहरसा, जेएनएन। BIhar Board 10th Result 2020: 26 मई को मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट निकला। राज्य में टॉप टेन पर 41 विद्यार्थियों ने जगह बनाई। जिसमें अररिया से दो और सहरसा से दो विद्यार्थी शामिल हैं।
आइआइटी करना चाहता है अंकित
अररिया। अररिया आश्रम चौक निवासी अंकित राज ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा में 475 अंकों के साथ टॉपर्स की सूची में छठे स्थान पर अपना नाम दर्ज कराया। अंकित आगे आइआइटी में नामांकन लेना चाहता है।
मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मे अंकित अपने तीन भाई बहनों में सबसे छोटा है। पिता अरुण कुमार साह डेयरी उद्योग से जुड़े है। मां प्रमिला देवी गृहिणी है। शुरू से ही मेहनती अंकित अपने स्कूल में भी मेधावी रहा है। अंकित बताता है कि उसने स्वाध्याय से यह सफलता हासिल की है। सफलता के लिए उसने नियमित रूप से स्कूल के बाद तीन से चार घंटे की पढ़ाई की है। कभी परीक्षा फोबिया को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया है। संयत होकर आसान शब्दों में सवालों के जबाब दिए हैं जिसका परिणाम काफी बेहतर मिला है।
सहरसा की स्तुति मिश्रा को सूबे में छठी रैंक
सहरसा। कहरा प्रखंड के चैनपुर गांव निवासी आशुतोष चंद्र मिश्र की पुत्री स्तुति मिश्रा ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा में सूबे में आठवीं रैंक प्राप्त की है। उसे 475 अंक मिले हैं। हाई स्कूल चैनपुर, पडरी की छात्रा स्तुति मिश्रा ने गांव में ही पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की। स्तुति बताती है कि उसने स्कूल में ही शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए पाठ को तैयार किया। ट्यूशन नहीं ली। नियमित पढ़ाई व अभ्यास से ही उसे यह सफलता मिली है।
डॉक्टर बनना चाहती है पायल
अररिया। नरपगंज प्रखंड की रामघाट पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी इंद्रानंद सिंह की पुत्री पायल कुमारी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा में 471 अंक लाकर पूरे सूबे में 10वां स्थान प्राप्त किया है। पायल चिकित्सक बन लोगों की सेवा करना चाहती है। गरीब किसान परिवार में जन्मी पायल नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय के प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्रा है। वह बचपन से ही गांव में रहकर पढ़ाई करती आ रही है। स्कूल के साथ-साथ कोचिंग में तैयारी कर इस मुकाम को उसने हासिल किया है। उसके किसान पिता इंद्रानंद सिंह का कहना है कि आज उनका सीना गर्व से उंचा हो गया है। मां कौशल्या देवी कुशल गृहिणी है। पायल को एक भाई भी है। पायल का मानना है आज भी ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का काफी अभाव है। पायल बताती है कि यदि हौसले बुलंद हों तो कुछ भी किया जा सकता है। पढ़ाई में गरीबी बाधक नहीं बन सकती है। पायल आगे भी गांव से ही पढ़ाई करना चाहती है। पायल की सफलता पर नरपतगंज विधायक अनिल कुमार यादव व पूर्व विधायक देवयंती यादव ने बधाई दी है।
सहरसा के आदित्य की सूबे में 10वीं रैंक
सहरसा। जिला स्कूल के छात्र आदित्य कुमार ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा में सूबे में 10वीं रैंक हासिल की। उसे 471 अंक मिले हैं। स्कूल के शिक्षक राजाराम मिस्त्री बताते हैं कि आदित्य काफी मेहनती है। वह नियमित रूप से स्कूल आता था। आदित्य के अनुसार उसने कड़ी मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की है। उसकी सफलता पर स्वजनों ने हर्ष व्याप्त किया है।