विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Teacher Transfer : भागलपुर में 1390 शिक्षकों का एक साथ तबादला, 8 अक्टूबर तक योगदान, नए स्कूल से ही मिलेगा वेतन

Published: Mon, 28 Sep 2026 10:40 PM (IST)

भागलपुर में शिक्षा विभाग ने छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करने के लिए 1,390 शिक्षकों का व्यापक तबादला किया है। इनमें ...और पढ़ें

Bihar Teacher Transfer : भागलपुर में श‍िक्षक के स्‍थानांतरण की प्रक्र‍िया शुरू

Bihar Teacher Transfer : भागलपुर में श‍िक्षक के स्‍थानांतरण की प्रक्र‍िया शुरू

HighLights

  1. भागलपुर में 1,390 शिक्षकों का व्यापक स्थानांतरण किया गया।

  2. 8 अक्टूबर तक नए स्कूलों में योगदान देना अनिवार्य है।

  3. वेतन नए स्कूल से मिलेगा, यात्रा भत्ता देय नहीं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Teacher Transfer : सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और अधिकता के बीच लंबे समय से बने असंतुलन को समाप्त करने के लिए शिक्षा विभाग ने जिले में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया है। भागलपुर जिले में शिक्षकों की 'तबादला एक्सप्रेस' चलाते हुए कुल 1,390 शिक्षकों की नई पदस्थापना की गई है।

इनमें 1,194 सरप्लस (आवश्यकता से अधिक) शिक्षकों को शिक्षक-विहीन या एकल शिक्षक वाले जरूरतमंद स्कूलों में भेजा गया है, जबकि 196 शिक्षकों का पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण स्वीकृत किया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) चंदन कुमार ने बताया कि इस बड़े कदम का मुख्य उद्देश्य छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) को दुरुस्त करना है। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षक अधिक थे, उन्हें वहां से हटाकर उन स्कूलों में भेजा गया है जहां पठन-पाठन शिक्षकों के अभाव में प्रभावित हो रहा था।

कक्षा 1 से 5 में सर्वाधिक 602 शिक्षकों का तबादला

जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, सरप्लस शिक्षकों के स्थानांतरण में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक दायरे में आए हैं। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) में सर्वाधिक 602 शिक्षकों को नए विद्यालयों में भेजा गया है। इसके अतिरिक्त मध्य स्तर (कक्षा 6 से 8) में 175, माध्यमिक स्तर (कक्षा 9 से 10) में 169 और उच्च माध्यमिक स्तर (कक्षा 11 से 12) में 248 शिक्षकों की पदस्थापना बदली गई है। वहीं, 196 शिक्षकों ने आपसी सहमति के आधार पर अपना विद्यालय बदलवाया है।

8 अक्टूबर तक योगदान अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

स्थानांतरण सूची जारी होने के साथ ही विभाग ने समय-सीमा भी तय कर दी है। सभी स्थानांतरित शिक्षकों को आगामी 8 अक्टूबर तक अपने आवंटित नए विद्यालयों में हर हाल में योगदान देना होगा। निर्धारित अवधि में पदभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। योगदान की प्रक्रिया संपन्न होते ही शिक्षकों का समस्त विवरण ई-शिक्षाकोष पोर्टल और विभागीय सर्विस बुक में अपडेट किया जाएगा।

भागलपुर शिक्षक स्थानांतरण: कक्षावार व श्रेणीवार विवरण

  • कुल स्थानांतरित शिक्षक: 1,390

  • सरप्लस (अधिशेष) शिक्षक: 1,194

  • पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण: 196

  • कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक): 602 शिक्षक

  • कक्षा 6 से 8 (मध्य): 175 शिक्षक

  • कक्षा 9 से 10 (माध्यमिक): 169 शिक्षक

  • कक्षा 11 से 12 (उच्च माध्यमिक): 248 शिक्षक

  • योगदान की अंतिम तिथि: 8 अक्टूबर

  • वेतन व भत्ते की शर्त: वेतन नए स्कूल से निर्गत होगा; यात्रा भत्ता (TA) शून्य (देय नहीं)।

नए स्कूल से ही जारी होगा वेतन, यात्रा भत्ता नहीं मिलेगा

शिक्षा विभाग ने वेतन भुगतान को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। नए विद्यालय में योगदान की तिथि से ही शिक्षकों का वेतन नए पदस्थापन के आधार पर तैयार होगा। पुराने विद्यालय से वेतन आहरण की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।

इसके साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक स्थानांतरण के तहत नए पदस्थापन स्थल पर जाने के लिए शिक्षकों को कोई यात्रा भत्ता (टीए) देय नहीं होगा। योगदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग प्रखंडवार समीक्षा कर पठन-पाठन की गुणवत्ता का पुनर्मूल्यांकन करेगा।

यह भी पढ़ें- Offensive comment से परेशान TMBU की छात्राएं; जूलॉजी छात्रा ने की शिकायत तो दारोगा ने झाड़ियों में तैनात किया गार्ड