भारत माता की जय कहना अपराध है तो मैं अपराधी हूं : अर्जित
मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की धरती पर जयश्री राम कहना जुर्म है? राष्ट्रगीत गाना अपराध है? अगर यह अपराध है तो मैं यह अपराध रोज करना चाहूंगा।
भागलपुर। भारत माता की जय कहना अपराध है तो मैं यह अपराध बार-बार करना चाहूंगा। यह कहना है भाजपा नेता अर्जित शाश्वत का। जेल से निकलने के बाद बुधवार को अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की धरती पर जयश्री राम कहना जुर्म है? राष्ट्रगीत गाना अपराध है? अगर यह अपराध है तो मैं यह अपराध रोज करना चाहूंगा।
भाजपा नेता ने कहा कि नववर्ष आयोजन को लेकर निकलने वाली शोभायात्रा की जानकारी प्रशासन को पूर्व में दी गई थी। जो आवेदन दिया गया था, उसकी रिसिविंग भी है। भारत माता की झांकी और किस रूट से शोभायात्रा गुजरेगी, इसकी भी जानकारी प्रशासन को भी। एसएसपी और एसडीओ ने शोभायात्रा निकालने की अनुमति दी थी।
एसएसपी से बात होने पर उन्होंने कहा था कि अभी हम विक्रमशिला में हैं, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था देखेंगे। 17 मार्च को गौशाला से संघ से जुड़े तमाम संगठनों से जुड़े लोगों ने शोभायात्रा निकाली थी। शोभायात्रा का लाइव फेसबुक पर हो रहा था। तमाम लोग सोसल मीडिया कार्यक्रम को लाइव दिखा रहे थे। विडियोग्राफी हो रही थी। सारे साक्ष्य मौजूद हैं। जब वे सैंडिस कंपाउंड पहुंच गए, तब प्रशासन द्वारा फोन कर कुशलक्षेम पूछा गया था। सैंडिस कंपाउंड पहुंचने के डेढ़ घंटे बाद चंपानगर में उपद्रव शुरू हुआ।
तीन दिन बाद संघ के स्वयंसेवकों सहित हमपर उपद्रव करने का मुकदमा दायर किया गया। हमपर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया गया। जबकि शोभायात्रा निकालने का मकसद सामाजिक सौहार्द बनाने की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए राजद और कांग्रेस के शरारती तत्वों ने उपद्रव करने का काम किया।
प्रशासन के सामने गोलियां दागी गई, बम फोड़े गए और मोटर साइकिल जलाई गई, लेकिन प्रशासन उपद्रवी पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकी। प्रशासन अपनी गलती का ठीकरा मुझपर फोड़ दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, डीजीपी को पत्र देकर मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, विकास सिंह, विनोद मंडल आदि मौजूद थे।