भागलपुर के 7 विधानसभा व लोकसभा सीटों पर एक भी महिला विधायक-सांसद नहीं; महिला आरक्षण लागू होने के बाद क्या बदलेगा
Politics Women Reservation Bill 33 Percent भागलपुर में वर्तमान में कोई महिला विधायक या सांसद नहीं है, जहां महिलाएं केवल मतदाता तक सीमित हैं। महिला आरक्षण बिल लागू होने पर यहां की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा, जिससे नई महिला नेतृत्व उभरेगा और विकास के मुद्दे बदलेंगे, हालांकि इसका क्रियान्वयन जनगणना और परिसीमन के बाद ही होगा।

Politics Women Reservation Bill 33 Percent आरक्षण से बदलेगा भागलपुर का समीकरण
HighLights
भागलपुर में वर्तमान में एक भी महिला विधायक या सांसद नहीं।
महिला आरक्षण से 2-3 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
आरक्षण से विकास के मुद्दे बदलेंगे, नए महिला नेता उभरेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Politics Women Reservation Bill 33 Percent महिला आरक्षण बिल को लेकर तेज हुई राजनीतिक हलचल के बीच भागलपुर की सियासत में महिलाओं की भूमिका अब तक केवल मतदाता तक ही सीमित रही है, उम्मीदवार तक नहीं।
लोकतंत्र के महापर्व में वोट डालने के लिए महिलाएं मतदान केंद्रों की कतार में सबसे आगे दिखती हैं, लेकिन राजनीतिक दलों के टिकट की कतार में उनका नाम सबसे पीछे छूट जाता है। हालांकि, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने के बाद यह तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। इसके बाद राजनीतिक दलों को अनिवार्य रूप से महिलाओं को सीटें देनी होंगी और जमीनी स्तर पर मजबूत महिला कैंडिडेट भी तलाशने होंगे।
भागलपुर की राजनीति का मौजूदा सच- एक भी महिला विधायक या सांसद नहीं
भागलपुर जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों—बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज और नाथनगर—पर 2025 के चुनाव में पुरुष प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में भागलपुर से अजय कुमार मंडल और बांका लोकसभा सीट (जिसमें सुल्तानगंज विधानसभा आती है) से गिरिधारी यादव विजयी हुए। यानी वर्तमान में जिले का कोई भी विधायक या सांसद महिला नहीं है।
2025 के विधानसभा चुनाव में भागलपुर की पांच सीटों पर कुल नौ महिलाओं ने किस्मत आजमाई, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली:
बिहपुर: वीआईपी उम्मीदवार अर्पणा कुमारी ने सर्वाधिक 61,433 मत हासिल किए और वे दूसरे स्थान पर रहीं।
नाथनगर व कहलगांव: नाथनगर से शारदा देवी को 3,434 मत मिले, जबकि कहलगांव से रूपम देवी को 3,040 और संजू देवी को 1,640 वोट प्राप्त हुए।
गोपालपुर व भागलपुर: गोपालपुर से सोनी भारती को 1,651 मत मिले, वहीं भागलपुर सीट से निर्दलीय निशा भारती को 1,204 और बसपा की रेखा दास को 694 वोट मिले।
शून्य भागीदारी: पीरपैंती और सुल्तानगंज विधानसभा सीटों पर तो किसी महिला ने चुनाव ही नहीं लड़ा।
लोकसभा चुनाव में स्थिति और भी चिंताजनक रही है। 2024 के भागलपुर लोकसभा चुनाव में कुल 12 उम्मीदवारों में सिर्फ एक महिला—बसपा की पूनम सिंह मैदान में थीं, जिन्हें 12,646 वोट मिले। इतिहास पर नजर डालें तो 1951 के पहले आम चुनाव में भागलपुर दक्षिण से कांग्रेस की सुषमा सेन जीती थीं। इसके बाद 1957 से 2024 तक के 67 वर्षों में किसी भी मुख्य राजनीतिक दल ने भागलपुर लोकसभा सीट से किसी महिला को टिकट नहीं दिया।
आरक्षण के बाद क्या बदलेगा?
यदि महिला आरक्षण लागू होता है, तो भागलपुर की सात विधानसभा सीटों में से दो से तीन सीटें रोटेशन के आधार पर महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह भागलपुर लोकसभा सीट भी किसी चुनाव में महिला आरक्षित हो सकती है। इसका सीधा अर्थ है कि उन सीटों पर पुरुष उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे, चाहे वे कितने ही कद्दावर नेता क्यों न हों। इससे जिले की राजनीति में तीन बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे:
जागीर समझने वाले नेताओं को सताएगा सबसे ज्यादा डर
नई महिला पौध का उदय: अभी अधिकांश महिला नेता किसी बड़े नेता की पत्नी, बेटी या बहन के रूप में जानी जाती हैं। आरक्षण के बाद पंचायत, नगर निगम, जिला परिषद, महिला मोर्चा, स्वयं सहायता समूह और सामाजिक संगठनों से निकलने वाली सक्रिय महिलाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
'विधायक पति' की चुनौती और दिग्गजों का डर: जो नेता अब तक अपनी सीट को अपनी जागीर समझते रहे हैं, उन्हें सबसे ज्यादा डर सताएगा कि कहीं उनकी सीट महिला आरक्षित न हो जाए। ऐसे में वे अपनी पत्नी या परिवार की किसी महिला को आगे करने की कोशिश कर सकते हैं। इससे गांवों में 'सरपंच पति' की तरह शहरों व विधानसभा में 'विधायक पति' वाली नई समस्या भी पैदा हो सकती है। तब मतदाताओं को यह तय करना होगा कि वे असली चेहरा चुन रहे हैं या किसी की परछाईं।
बदलेंगे विकास के मुद्दे: महिला विधायक और सांसद होने पर सदन से लेकर सड़क तक शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, जीविका, महिला सुरक्षा, शौचालय, पेयजल और स्थानीय बाजार जैसे बुनियादी मुद्दों को ज्यादा जगह मिलेगी। साथ ही भागलपुर के पारंपरिक रेशम उद्योग, गंगा कटाव, बाढ़ और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों पर भी महिलाओं का संवेदनशील नजरिया सामने आएगा।
सभी प्रमुख दलों के सामने नेतृत्व गढ़ने की चुनौती
भागलपुर में भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस और वाम दलों—सभी के पास महिला प्रकोष्ठ तो हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर चुनाव लड़ सकने वाली सशक्त महिला नेत्रियों की संख्या बेहद कम है। 2029 तक का समय इन दलों के लिए तैयारी का अहम दौर है। जो दल अभी से महिलाओं को प्रशिक्षण, संसाधन और संगठन का संबल देकर आगे बढ़ाएगा, वही भविष्य में बढ़त लेगा; अन्यथा टिकट महिला को मिलने के बावजूद फैसले की डोर किसी और के हाथ में ही रहेगी।
2023 में ही बन चुका है कानून
गौरतलब है कि संसद ने 2023 में ही संविधान का 106वां संशोधन पारित किया था, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया गया। इसके तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए करीब 33 प्रतिशत सीटें (एससी-एसटी की आरक्षित सीटों में भी एक-तिहाई सहित) आरक्षित करने का प्रावधान है।
हालांकि, अनुच्छेद 334ए की शर्त के अनुसार यह आरक्षण तभी प्रभावी होगा, जब 2023 के संशोधन के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित हो जाएंगे और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसी संवैधानिक प्रक्रिया के कारण कानून बनने के बावजूद यह अब तक लागू नहीं हो पाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।