Bhagalpur Weather Update : भागलपुर सहित आसपास के जिलों में बारिश व वज्रपात, अलर्ट जारी
Bhagalpur Weather Update भागलपुर में सुबह से बारिश हो रही है। वज्रपात का भी अलर्ट है। बाढ़ की स्थिति भी गंभीर है। वज्रपात से लगातार लोगों की जानें जा रही हैं।
भागलपुर, जेएनएन। सोमवार को भागलपुर सहित आसपास के जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। झमाझम बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। हालांकि लॉकडाउन होने की वजह से ज्यादातर लोग पहले से ही घर पर हैं। इस बारिश से किसानों को खेती करने में राहत मिलेगी। वहीं, बारिश के साथ-साथ वज्रपात की घटना में घट रही है।
अररिया जिले में हो रही अत्यधिक बारिश के कारण परमान, भलूवा, बकरा, लोहंद्रा, बरजान सहित सहित सभी नदियां फिर से उफन आई। लोग सहमे हुए हैं। नेपाल में हुई बारिश का भी असर यहां दिख रहा है।
लखीसराय में सुबह से कभी तेज तो कभी रुक रुक कर बारिश हो रही है। धूप नहीं निकली है। मौसम में उमस भरी गर्मी है। वज्रपात की सूचना जिले के किसी हिस्से से नहीं मिली है।
भागलपुर में बारिश के कारण हर ओर जलजमाव हो गया है। शहर की स्थिति बदहाल है। भोलानाथपुल होकर लोग नहीं पार कर रहे। लोहापटटी और सब्जी मंडी का काफी बुरा हाल है। बौंसी पुल में नाले और बारिश का पानी जमा है। आदमपुर, वेरायटीचौक, स्टेशनचौक, मानिकसरकार चौक, तिलकामांझी में सड़कों पर पानी जमा है। नाले का पानी सड़क पर बहने लगा है।
किशनगंज में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। विगत 48 घंटे में महानंदा का जलस्तर 48 सेमी बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है। इसी तरह कनकई, मेंची और डोक नदी के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाके के लोगों को एकबार फिर से बाढ़ की चिंता सताने लगी है। अब तक कहीं से भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
कटिहार जिले में दो दिनों से रुक रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण शहर के कई स्थानों पर भारी जलजमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। वज्रपात की अब तक सूचना नही है।
बांका में दोपहर में बारिश हुई है। बारिश होने से शहर में कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति हुई है। चांदन प्रखंड से वज्रपात से हुई दो मौतों की खबर आई। कुम्हराडीह पंचायत अंतर्गत उत्तरी वारणेय गांव की 26 वर्षीय महिला मंजू देवी की सोमवार को दोपहर बाद हुए वज्रपात की चपेट में आकर मौत हो गई। सिलजोरी पंचायत के भनरा निवासी जामुन यादव की मौत वज्रपात से हो गई है। वह मवेशी को लेकर बहियार जा रहे थे। गौरीपुर पंचायत अंतर्गत बाराटांड़ गांव के समीप हुई जहां धान रोप रही दो महिलाएं जीरा देवी एवं आशा देवी वज्रपात से गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
जमुई में भी लगातार सुबह से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। सिमुलतला थाना क्षेत्र के कल्याणपुर पंचायत के बलुआही गांव में व्रजपात से संजू देवी और भवेश कुमार की मौत हो गई। दोनों मृतक मां और पुत्र हैं।