Bhagalpur Weather Forecast: चार दिन बाद बढ़ेगा तापमान, गर्मी छोड़ाएगा पसीना, जानिए... आज के मौसम का हाल
Bhagalpur Weather Forecast अगले चार दिनों के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि होग जिससे लोग गर्मी में पसीने से तर-बतर होंगे। बहरहाल औसतन आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से पछुआ हवा चल रही है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Forecast : अगले चार दिनों में पूर्व बिहार, सीमांचल और कोसी जिलों में तपिश बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि इतनी जल्दी तापमान का उपर चढ़ना जनजीवन के लिए बेहतर नहीं है। बहरहाल, औसतन 16 किलोमीटर की गति से चल रही पछुआ हवा के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 16 डिग्री बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और एक डिग्री सेल्सियस तब गिरावाट आने की संभावना है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो वीरेंद्र कुमार ने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले एक सप्ताह तक अभी मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। तापमान में भी वृद्धि और गिरावट का क्रम जारी रहने की संभावना है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सबौर के चिकित्सक डॉ श्याम कुमार ने बदलते इस मौसम में बेहतर स्वास्थ्य के लिए संयमित रहने की सलाह दी है। उन्होंने समसामयिक सलाह में कहा है कि दिन में कड़ी धूप रहने से अक्सर लोग ठंड के कपड़ों का इस्तेमाल नहीं करते हैं, वहीं देर रात घर लौटने की स्थिति में जब तापमान 13-14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाता है तो लोग ऐसी स्थिति में ठंड का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने सलाह में कहा है कि देर रात घर लौटने के क्रम में अपने साथ गर्म कपड़े आवश्य रखें।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञानी डॉ शंभू प्रसाद ने किसानों को सलाह में कहा है कि अचानक तापमान में वृद्धि होने और पछुआ हवा के चलने से खेतों में नमी की कमी हो रही है। ऐसी स्थिति में रवि और सब्जी के फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उत्पादकता प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में फसलों को बचाने के लिए किसान अपने खेत में नमी बनाए रखें।
किशनगंज में धूप खिली है। हल्की हल्की हवाएं भी चल रही है। मौसम साफ है। लखीसराय में धूप निकली है लेकिन उसमें तेज नहीं है। हल्की हवा चल रही है। हल्की हल्की ठंड का भी अनुभव हो रहा है। मौसम साफ और बढ़िया है। बांका में धूप खिली है। मौसम में नरमी है। जमुई में सुबह से मौसम साफ है। धूप खिली हुई है। हल्की हवा चल रही है। अररिया में धूप है। पूर्णिया में सुबह से मौसम साफ है धूप खिली हुई है एवं हल्की हवा चल रही है। सहरसा में आसमान साफ है। धूप खिली हुई है। मंद-मंद हवा चल रही है। जिससे हल्की ठंड है।