संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bhagalpur Weather Alert: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण गलन बढ़ गई है। फिलहाल ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। दो दिन बाद हल्की बारिश हो सकती है। मौसम अभी ऐसा ही बना रहेगा। तेज हवा के साथ शीतलहर चलेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.6 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 95 प्रतिशत आद्रता के साथ 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन हवा की गति बढ़ रही है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दो दिन बाद शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है। अभी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों से पछुआ हवा बर्फीली ठंड ला रही है। इस कारण ऐसी स्थित बनी हुई है। उन्होंने बताया कि आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी। कोहरे का असर भी रहेगा। दिन में थोड़ी राहत जरूर होगी, लेकिन शाम से देर सुबह तक कनकनी बनी रहेगी। तीन चार दिन बाद से धीरे-धीरे ठंड से राहत मिलेगी।
शीतलहर और कनकनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार कई दिनों से ऐसा मौसम रहने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह मजदूर ठंड के कारण काम पर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के ज्यादातर ऐसे लोग जो रोज कमाने वाले हैं वह आर्थिक तंगहाली से जुझने लगे हैं। सुबह में काफी ठंड रहती है। दोपहर में धूप निकलती है तब राहत मिलती है। शाम होते ही शीतलहर चलने लगती है।
बिहार के पूर्व बिहार, सीमांचल और कोसी के जिलों में बारिश की संभावना है। ओले भी पड़ेंगे। मौसम विभाग ने इसकी संभावना जारी कर दी है। लोगों को सचेत रहने को कहा है। बारिश के कारण ठंंड ज्यादा होगी। लोगों को घर से निकलने में काफी परेशानी होगी।
a