भागलपुर विक्रमशिला सेतु मरम्मत पर अपडेट! पंचकूला से आए स्लैब, 4 नए स्ट्रक्चर से स्थायी तौर पर दुरुस्त होगा महासेतु
Vikramshila Setu Restoration News: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत का काम 1 अक्टूबर से शुरू ...और पढ़ें

Vikramshila Setu Restoration News: विक्रमशिला सेतु पर 1 अक्टूबर से हटेगा बेली ब्रिज, बनेगा स्थायी स्टील ब्रिज; एसपी सिंगला के बरारी यार्ड पहुंचीं निर्माण सामग्रियां
HighLights
1 अक्टूबर से विक्रमशिला सेतु का जीर्णोद्धार कार्य युद्धस्तर पर शुरू होगा।
अस्थायी बेली ब्रिज हटाकर अत्याधुनिक मजबूत स्टील ब्रिज का निर्माण होगा।
पंचकूला से स्लैब पहुंचे, एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन को मरम्मत की जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Setu Restoration News:उत्तर और दक्षिण बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले लाइफलाइन विक्रमशिला सेतु के दिन अब पूरी तरह बहुरने वाले हैं। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्सों को स्थायी रूप से दुरुस्त करने के लिए आगामी एक अक्टूबर से जीर्णोद्धार एवं पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। इस दौरान वर्तमान में वाहनों के आवागमन के लिए लगाए गए कामचलाऊ बेली ब्रिज को पूरी तरह हटा दिया जाएगा।
पुनर्स्थापन कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंगा पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए फोरलेन पुल की निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन को ही इस ऐतिहासिक महासेतु के पुनर्स्थापन की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। एजेंसी के बरारी स्थित कास्टिंग यार्ड में भारी-भरकम गर्डर सहित अन्य जरूरी निर्माण सामग्रियां पहुंचनी शुरू हो गई हैं।
बेली ब्रिज की जगह बनेगा स्टील ब्रिज, फिक्स होंगे नए स्लैब
योजना के मुताबिक, विक्रमशिला सेतु के जिन-जिन कमजोर और क्षतिग्रस्त स्पैन पर आपातकालीन व्यवस्था के तहत अस्थायी बेली ब्रिज बिछाया गया था, उन सभी जगहों पर अब अत्याधुनिक एवं मजबूत स्टील ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। स्टील ब्रिज तैयार होने के उपरांत उसके ऊपर विशेष तकनीकी प्रक्रिया से उच्च गुणवत्ता वाले नए स्लैब फिक्स किए जाएंगे।
विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन का कार्य 1 अक्टूबर से होगा शुरू, वर्तमान में लगे अस्थायी बेली ब्रिज को हटाया जाएगा
समानांतर फोरलेन पुल निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला को मिली मरम्मत की कमान, बरारी यार्ड में पहुंचने लगीं निर्माण सामग्रियां
हरियाणा के पंचकूला से भागलपुर पहुंचीं स्लैब की खेप; चार नए स्ट्रक्चर लांच कर स्थायी स्टील ब्रिज किया जाएगा स्थापित
गंगा की जलधारा में लोहे के मोटे गोलाकार बीम को जोड़कर कमजोर स्लैब को दिया जा चुका है अतिरिक्त तकनीकी सपोर्ट
इस प्रक्रिया से सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से को स्थायी मजबूती मिल सकेगी और भारी वाहनों के लगातार दबाव के बावजूद पुल को भविष्य में कोई तकनीकी खतरा नहीं रहेगा। योजना के तहत क्षतिग्रस्त हिस्से के कुल चार मुख्य स्ट्रक्चर को हाइड्रोलिक क्रेन व आधुनिक मशीनों की मदद से लांच कर यथास्थान स्थापित किया जाएगा।
पंचकूला से पहुंचे स्लैब, गंगा में बीम जोड़ने का काम पूरा
विभागीय अभियंताओं और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन के लिए आवश्यक विशेष प्रीकास्ट स्लैब हरियाणा के पंचकूला स्थित उन्नत प्लांट से भागलपुर पहुंच चुके हैं।
इधर, मुख्य कार्य शुरू होने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुल के कमजोर स्पैन और स्लैब को अतिरिक्त मजबूती देने के लिए गंगा की जलधारा के बीच लोहे के मोटे गोलाकार बीम को जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस आधारभूत सुदृढ़ीकरण के बाद अब एक अक्टूबर से ऊपरी संरचना (सुपरस्ट्रक्चर) के बदलाव की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
