पटना और सारण फिसड्डी, भागलपुर व पूर्णिया रेंज ने मारी बाजी; बिहार पुलिस की केस डिस्पोजल रैंकिंग का पूरा हाल
Bhagalpur Eastern Range First in Bihar Case Disposal भागलपुर ईस्टर्न रेंज ने बिहार की सभी 12 फील्ड रेंज में लंबित केसों के त्वरित निपटारे में पहला स्थान हासिल किया है। डीजीपी प्रीता वर्मा ने इस उपलब्धि की सराहना की और अन्य रेंजों को भी इसका अनुसरण करने की सलाह दी।

Bhagalpur Eastern Range First in Bihar Case Disposal : मामले निपटाने में भागलपुर रेंज अव्वल, डीजीपी ने की सराहना; आईजी विवेक कुमार बोले- यह टीम वर्क का नतीजा
HighLights
भागलपुर रेंज ने बिहार में केस निपटारे में पहला स्थान पाया।
डीजीपी ने भागलपुर की उपलब्धि की सराहना की, अनुसरण की सलाह दी।
समय पर चार्जशीट और तेज ट्रायल से मिली यह सफलता।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Eastern Range First in Bihar Case Disposal : लंबित केसों की संख्या घटाने और उनके त्वरित निपटारे में भागलपुर ईस्टर्न रेंज ने बिहार की सभी 12 फील्ड रेंज में पहला स्थान हासिल किया है। बुधवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रीता वर्मा ने सीआईडी एडीजी और सभी रेंज के आईजी-डीआईजी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से केसों की पेंडेंसी की गहन समीक्षा की। इस दौरान डीजीपी ने भागलपुर रेंज की इस शानदार उपलब्धि की सराहना की और राज्य की अन्य रेंजों को भी इसका अनुसरण करने की नसीहत दी।
सबसे कम 3.70 अनुपात के साथ नंबर-1 बना भागलपुर
वीसी में एडीजी सीआईडी ने केसों के निपटारे से जुड़ा विस्तृत स्लाइड शो प्रस्तुत किया, जिसमें जनवरी से सितंबर 2026 तक दर्ज मामलों और 30 सितंबर 2026 तक लंबित केसों का विवरण शामिल था। प्रस्तुति में भागलपुर रेंज का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
पूर्णिया दूसरे स्थान पर
आंकड़ों के अनुसार, भागलपुर पूर्वी क्षेत्र में जनवरी से सितंबर 2026 तक कुल 14,020 केस दर्ज हुए, यानी हर महीने औसतन 1,558 केस दर्ज किए गए। तय मानक के अनुसार 4,673 केस लंबित होने चाहिए थे, जबकि 30 सितंबर को लंबित मामलों की संख्या 5,760 रही। इस प्रकार लंबित केसों और मासिक दर्ज मामलों का अनुपात 3.70 रहा, जो राज्य की 12 रेंज में सबसे कम है। वहीं, पूर्णिया रेंज 3.86 के अनुपात के साथ दूसरे स्थान पर रही।
सारण क्षेत्र में सबसे अधिक पेंडेंसी, पटना में दर्ज हुए सर्वाधिक केस
समीक्षा के आंकड़ों के मुताबिक, सारण क्षेत्र (छपरा) में यह अनुपात सबसे अधिक 9.55 रहा, जहां 33,982 केस दर्ज हुए जबकि 36,073 मामले लंबित थे। इसी तरह मगध क्षेत्र (गया) में यह अनुपात 8.89 और केंद्रीय क्षेत्र (पटना) में 8.85 दर्ज किया गया। पटना में राज्य में सबसे ज्यादा 50,519 केस दर्ज हुए और 49,687 केस लंबित पाए गए।
समय पर चार्जशीट और तेज ट्रायल से मिली सफलता
एडीजी सीआईडी ने सभी रेंज के आईजी-डीआईजी और जिलों के एसपी-एसएसपी को पेंडेंसी घटाने के सख्त निर्देश दिए। भागलपुर रेंज में पुराने लंबित केसों के निपटारे, समय पर चार्जशीट दाखिल करने और कोर्ट में ट्रायल तेज करने पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने भागलपुर, नवगछिया और बांका की तर्ज पर अन्य रेंजों को भी लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने को कहा है।
"यह पूरी तरह से टीम वर्क का फलाफल है। हमारे रेंज के तीनों एसपी (भागलपुर, नवगछिया और बांका) निरंतरता के साथ पेंडेंसी कम करने और केसों के अधिकतम डिस्पोजल के लिए विशेष अभियान चला रहे हैं। हमारी नियमित समीक्षा में पेंडेंसी घटाना और केस डिस्पोजल हमेशा प्राथमिकता सूची (प्रायोरिटी लिस्ट) में रहता है।"
— विवेक कुमार, आईजी, भागलपुर ईस्टर्न रेंज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।