भागलपुर फोरलेन पर थार और ट्रक में भीषण भिड़ंत! पटना के अमर सिंघानिया व गोलू की मौत, JLNMCH में संजय का हो रहा इलाज
Bhagalpur Road Accident भागलपुर के भवनाथपुर फोरलेन पर महिंद्रा थार और ट्रक की भीषण टक्कर में पटना के दो युवकों, ...और पढ़ें
-1791103802468_m.webp)
Bhagalpur Road Accident अकबरनगर में भवनाथपुर फोरलेन भीषण सड़क हादसा!
HighLights
भागलपुर फोरलेन पर थार और ट्रक की जोरदार टक्कर हुई।
पटना के गोलू और अमर सिंघानिया की मौके पर मौत।
संजय सिंघानिया गंभीर घायल, मायागंज अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, अकबरनगर (भागलपुर)। Bhagalpur Road Accident अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवनाथपुर फोरलेन के समीप रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला। भागलपुर की ओर जा रही एक महिंद्रा थार और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में थार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों और घायल की पहचान हो गई है। सभी पटना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में पटना निवासी गोलू और अमर सिंघानिया शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान संजय सिंघानिया के रूप में हुई है। घायल संजय को आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की महिंद्रा थार अकबरनगर की ओर से भागलपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन भवनाथपुर फोरलेन के पास पहुंचा, तभी भागलपुर की ओर से सुल्तानगंज की तरफ तेज रफ्तार में जा रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के खेतों और दुकानों में मौजूद लोग दहल गए। दुर्घटना में थार के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और परखच्चे उड़ गए।

चीख-पुकार के बीच पहुंची डायल-112 की टीम
हादसे के बाद फोरलेन पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की इमरजेंसी पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय अकबरनगर थाने को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद अकबरनगर थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से थार के क्षतिग्रस्त मलबे में फंसे युवकों को बाहर निकलवाने का राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल घायल संजय सिंघानिया को एंबुलेंस से मायागंज अस्पताल भिजवाया।
पटना स्थित परिजनों में मचा कोहराम
थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों—गोलू और अमर सिंघानिया की मौत हुई है, जबकि घायल संजय सिंघानिया का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। मृतकों और घायल के पटना स्थित परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर सड़क किनारे कर दिया है और फोरलेन पर यातायात को सुचारू करा दिया गया है।
