विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिल्क सिटी भागलपुर के विकास की ऐतिहासिक पहल : टेक्सटाइल पार्क व यार्न बैंक से बदलेगी तस्वीर, DPR की प्रक्रिया तेज

Published: Wed, 22 Jul 2026 10:14 AM (IST)

भागलपुर के रेशम उद्योग को आधुनिक स्वरूप देने के लिए टेक्सटाइल पार्क, स्पन सिल्क मिल और यार्न बैंक की स्थापना ...और पढ़ें

भागलपुर में औद्योगिक विकास की नई उड़ान: टेक्सटाइल पार्क व यार्न बैंक का डीपीआर तैयार, बुनकरों को मिलेगा रोजगार

भागलपुर में औद्योगिक विकास की नई उड़ान: टेक्सटाइल पार्क व यार्न बैंक का डीपीआर तैयार, बुनकरों को मिलेगा रोजगार

HighLights

  1. भागलपुर में टेक्सटाइल पार्क, सिल्क मिल, यार्न बैंक स्थापित होंगे।

  2. परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो रही है।

  3. स्थानीय बुनकरों को लाभ, रोजगार सृजन, वैश्विक पहचान बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। देश-विदेश में 'सिल्क सिटी' के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले भागलपुर के रेशम उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने भागलपुर के पारंपरिक सिल्क उद्योग को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने और क्षेत्र के समग्र औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में पहल की है।

डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया

शहर में बहुप्रतीक्षित टेक्सटाइल पार्क, भागलपुर स्पन एंड रा सिल्क मिल तथा अत्याधुनिक यार्न बैंक की स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने का काम शुरू हो गया है। जिला उद्योग केंद्र ने पटना स्थित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संस्थान (MSME-DI) को पत्र भेजकर डीपीआर शीघ्र तैयार कराने और इस विकास योजना को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।

रेशम निदेशालय की उच्चस्तरीय बैठक

उद्योग विभाग और निदेशक, हस्तकरघा एवं रेशम, बिहार की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में भागलपुर के इस ड्रीम प्रोजेक्ट की रूपरेखा और विकास मॉडल पर गहन चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि टेक्सटाइल पार्क, सिल्क मिल और यार्न बैंक की विकास योजनाओं का डीपीआर एमएसएमई क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम (CDP) के मानकों पर ही बनेगा।

केंद्र सरकार को भेजा जाएगा

अनुभवी कंसल्टेंट द्वारा डीपीआर तैयार किए जाने के बाद इसे अंतिम स्वीकृति और आवश्यक वित्तीय पैकेज के लिए एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इन विशाल परियोजनाओं के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बहादुरपुर स्थित पुराने स्पन सिल्क मिल की कीमती भूमि को चिन्हित कर लिया है।

आधारभूत संरचना का विस्तृत खाका

डीपीआर में परियोजना की कुल लागत, अत्याधुनिक भवनों का निर्माण, हाई-टेक मशीनरी, बिजली-पानी की व्यवस्था, वित्तीय मॉडल और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की विस्तृत योजना शामिल होगी। प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क के माध्यम से रेशम निर्माण, प्रोसेसिंग, डिजाइनिंग, पैकेजिंग और ग्लोबल मार्केटिंग की सभी आधुनिक सुविधाओं को एक ही विशाल परिसर में विकसित करने की योजना है।

स्थानीय स्तर पर धागा निर्माण

भागलपुर में स्पन एंड रा सिल्क मिल के फिर से स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर ही सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले रेशमी धागे का बड़े पैमाने पर उत्पादन और प्रसंस्करण संभव हो सकेगा। यार्न बैंक की स्थापना से स्थानीय बुनकरों और छोटे उद्यमियों को बिचौलियों के बिना, समय पर और उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण रेशम धागा आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।

उत्पादन लागत में आएगी कमी

कच्चे माल की निर्बाध उपलब्धता होने से धागे के दामों में बार-बार होने वाले उतार-चढ़ाव पर लगाम लगेगी, जिससे सिल्क कपड़ों की उत्पादन लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। भागलपुर के हजारों बुनकर परिवार लंबे समय से महंगे धागे और कच्चे माल की किल्लत से जूझ रहे थे, जिनके आर्थिक विकास और संवर्धन के लिए यह योजना संजीवनी साबित होगी।

वैश्विक बाजार में मिलेगी पहचान

विश्वस्तरीय प्रोसेसिंग और डिजाइनिंग की सुविधा मिलने से भागलपुर का सिल्क अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में और अधिक मजबूती से खड़ा हो सकेगा, जिससे निर्यात को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। इस वृहद औद्योगिक विकास परियोजना के धरातल पर उतरने से भागलपुर और आसपास के जिलों के कुशल एवं अकुशल युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय से पत्राचार

परियोजनाओं को केंद्र स्तर पर तेजी से स्वीकृत कराने के लिए केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (तकनीकी) और केंद्रीय वस्त्र मंत्री के निजी सचिव को भी प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।