छठ से पहले भागलपुर के 17069 शिक्षकों को मिलेगा वेतन; नए DEO का बड़ा फैसला, रविवार को भी खुला रहेगा शिक्षा कार्यालय
Bhagalpur Teacher Salary Payment Before Chhath: भागलपुर में छठ पूजा से पहले 17,069 शिक्षकों को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के ...और पढ़ें

Bhagalpur Teacher Salary Payment Before Chhath: नए DEO मुकेश कुमार
HighLights
छठ से पहले 17,069 शिक्षकों को वेतन मिलेगा।
नए DEO मुकेश कुमार ने प्राथमिकता तय की।
दीपावली पर भी शिक्षा कार्यालय खुला रहेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Teacher Salary Payment Before Chhath: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा से पहले भागलपुर जिले के 17,069 शिक्षकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तत्परता से जुट गया है। शिक्षकों को समय पर मानदेय व वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
कार्य की महत्ता को देखते हुए दीपावली के अवसर पर रविवार को भी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुला रहेगा। इसके लिए नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) मुकेश कुमार ने विधिवत आदेश जारी कर संबंधित कर्मियों को वेतन भुगतान की प्रक्रिया युद्धस्तर पर पूरी करने का निर्देश दिया है।
नए DEO मुकेश कुमार ने पदभार संभालते ही तय की प्राथमिकता
शनिवार को मुकेश कुमार ने भागलपुर के नए जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में अपना पदभार विधिवत ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) महेश प्रसाद ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालते ही नए डीईओ ने कार्यालय के सभी कर्मियों व पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने राज्य मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए दोटूक शब्दों में कहा कि शिक्षकों का वेतन विपत्र (Salary Bill) अविलंब तैयार किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार के इस पावन मौके पर शिक्षकों के भुगतान में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए।
देर रात तक तैयार होते रहे विपत्र, दस्तावेजों की हुई बारीक जांच
डीईओ के सख्त निर्देश के बाद शनिवार दोपहर से ही कार्यालय में गहमागहमी बढ़ गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में शनिवार की देर रात तक कर्मी वेतन विपत्र तैयार करने के काम में जुटे रहे। भुगतान प्रक्रिया में बाद में किसी तरह का तकनीकी व्यवधान न आए, इसके लिए विपत्र तैयार करने के साथ-साथ शिक्षकों के सेवा आंकड़ों और संबंधित अभिलेखों की बारीकी से क्रॉस-चेकिंग की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि किसी भी लिपिकीय या तकनीकी त्रुटि से बचने के लिए पूरी सावधानी बरती जा रही है। रविवार को भी दिनभर फाइलों के निस्तारण और बिलिंग का काम जारी रहेगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अगले एक से दो दिनों के भीतर जिले के सभी 17,069 शिक्षकों के बैंक खातों में वेतन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे शिक्षकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।