भागलपुर: परीक्षा के बाद आंसरशीट घर ले गई छात्रा, गिनती हुई तो खुली पोल; अब कॉलेज प्रशासन ने लिया एक्शन
भागलपुर के टीएनबी कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर-2 की एक छात्रा परीक्षा के बाद गलती से उत्तरपुस्तिका घर ले गई, जिसके बाद उसे कॉलेज प्रशासन ने निष्कासित कर दिया।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छात्रा परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिका अपने साथ घर ले गई।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया।
बीसीए छात्रों ने फैकल्टी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। टीएनबी कॉलेज केंद्र पर गुरुवार को स्नातक सेमेस्टर-टू की परीक्षा के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्रथम पाली में परीक्षा देने वाली एक छात्रा उत्तरपुस्तिका अपने साथ लेकर घर चली गई।
उत्तरपुस्तिकाओं की गिनती के दौरान एक कॉपी कम मिलने पर वीक्षकों ने खोजबीन शुरू की। जांच में पता चला कि मारवाड़ी कॉलेज की छात्रा गलती से उत्तरपुस्तिका लेकर घर चली गई है।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रा से फोन पर संपर्क कर उसे तत्काल केंद्र पर बुलाया। छात्रा कॉलेज पहुंची और उत्तरपुस्तिका वापस कर दी। इसके बाद शिक्षकों ने राहत की सांस ली।
छात्रा ने भूलवश कॉपी साथ ले जाने की बात कहते हुए लिखित रूप में माफी भी मांगी। हालांकि परीक्षा नियमों के तहत कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया।
बीसीए की छात्राओं ने फैकल्टी पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
टीएनबी कॉलेज में संचालित बीसीए पाठ्यक्रम की पढ़ाई व्यवस्था को लेकर विद्यार्थियों ने एक फैकल्टी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। विद्यार्थियों ने कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीपो महतो को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि संबंधित फैकल्टी किसी न किसी बहाने उन्हें परेशान करती हैं। उनका यह भी आरोप है कि कक्षा में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं कराई जाती और विद्यार्थियों के अभिभावकों को फोन कर उनके खिलाफ शिकायत की जाती है।
इससे कई विद्यार्थी मानसिक दबाव में हैं और कुछ ने कक्षा में आना भी कम कर दिया है। विद्यार्थियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य ने जांच कमेटी गठित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
