परीक्षा रोकने की धमकी से आहत 12वीं के छात्र डेविड ने दी जान, भागलपुर में पिता के जमीन लेन-देन की सजा बेटे को मिली
Bhagalpur Student Suicide Case: भागलपुर के इशाकचक में जमीन कारोबारी के 19 वर्षीय पुत्र डेविड कृष्णन ने मानसिक तनाव और ...और पढ़ें

भागलपुर में डेविड कृष्णन ने आत्महत्या कर ली है।
HighLights
भागलपुर में 12वीं के छात्र डेविड कृष्णन ने की आत्महत्या।
पिता के जमीन विवाद में प्रताड़ना और धमकी का आरोप।
परीक्षा रोकने की धमकी से छात्र था गहरे तनाव में।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Student Suicide Case: इशाकचक थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी कॉलोनी में शनिवार की दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जमीन कारोबारी के 19 वर्षीय पुत्र व 12वीं कक्षा के छात्र डेविड कृष्णन ने मानसिक तनाव और कथित प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली।
छात्र के इस आत्मघाती कदम से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही इशाकचक थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया, जिसने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक छात्र की मां ऋतु कुमारी ने पुलिस के समक्ष रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत के लिए लालूचक निवासी अभिषेक कुमार, उसकी मां मधु देवी और उनके सहयोगी जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति सुबोध कुमार जमीन के कारोबार से जुड़े हैं और उनका अभिषेक कुमार के साथ जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित पुराना लेन-देन का बकाया चल रहा था।
पिता के विवाद में बेटे को बनाया जा रहा था निशाना
परिजनों के अनुसार, इस लेन-देन को लेकर पूर्व में कानूनी विवाद हुआ था, जिसके चलते सुबोध कुमार को जेल भी जाना पड़ा था। बाद में न्यायालय में आधी राशि जमा करने पर उन्हें जमानत मिली थी और बाकी रकम भी किश्तों में लौटाई जा रही थी। इसके बावजूद दूसरा पक्ष लगातार दबाव बना रहा था।
शिवपुरी कॉलोनी छात्र खुदकुशी मामला
घटनास्थल: शिवपुरी कॉलोनी, थाना- इशाकचक, जिला- भागलपुर।
घटना का समय: शनिवार दोपहर।
मृतक: डेविड कृष्णन (19 वर्ष, 12वीं का छात्र)।
पिता: सुबोध कुमार (जमीन कारोबारी)।
आरोपित पक्ष: अभिषेक कुमार (निवासी: लालूचक), उसकी मां मधु देवी व अन्य।
आरोप है कि अभिषेक और उसकी मां अक्सर डेविड का रास्ता रोक लेते थे। वे उसके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट करते थे और उसका शैक्षणिक भविष्य बर्बाद करने की लगातार धमकी देते थे।
'परीक्षा नहीं देने देंगे' की धमकी से सहम गया था छात्र
मां ने पुलिस को बताया कि घटना से ठीक एक दिन पूर्व अभिषेक उनके घर पर आ धमका था। उसने परिजनों के साथ बदसलूकी की, पूरे परिवार को तबाह कर देने की धमकी दी और डेविड को चेतावनी दी कि वह उसे आगामी परीक्षा में बैठने नहीं देगा। इस सीधी धमकी और निरंतर मानसिक दबाव से डेविड गहरे तनाव में आ गया था। शनिवार दोपहर जब घर में सन्नाटा था, उसने यह कदम उठा लिया। हालांकि, दूसरे पक्ष ने प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
परिजनों के आवेदन पर दर्ज होगी प्राथमिकी, जांच जारी
इशाकचक थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने फंदे और कमरे के अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया है। परिजनों द्वारा लगाए गए प्रताड़ना और धमकी के आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। छात्र के परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने पर आत्महत्या के लिए विवश करने समेत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
