भागलपुर स्टेशन पर 7200 वर्ग फीट में बनेगा होल्डिंग एरिया, 14 करोड़ की लागत से निर्माण, RLDA और सीनियर DCM ने नापी जमीन
Bhagalpur Railway Station Modular Waiting Hall RLDA Project: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर छठ, दिवाली और होली जैसे त्योहारों पर यात्रियों ...और पढ़ें

Bhagalpur Railway Station Modular Waiting Hall RLDA Project: भागलपुर स्टेशन पर 14 करोड़ से बनेगा 7200 वर्ग फीट का मॉड्युलर वेटिंग हॉल; छठ से पहले शुरू करने की तैयारी
HighLights
भागलपुर स्टेशन पर 14 करोड़ का मॉड्युलर वेटिंग हॉल बनेगा।
1 अक्टूबर से निर्माण शुरू, छठ पूजा तक पूरा होगा।
जनरल टिकट काउंटर, आधुनिक सुविधाएं, भीड़ प्रबंधन में सहायक।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Railway Station Modular Waiting Hall RLDA Project: लोक आस्था के महापर्व छठ, दिवाली और होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान भागलपुर रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने एक व्यापक और आधुनिक कार्ययोजना तैयार की है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 14 करोड़ रुपये की प्राक्कलित लागत से 7200 वर्ग फीट में दो मंजिला मॉड्युलर वेटिंग हॉल (स्थाई होल्डिंग एरिया) का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य आगामी 1 अक्टूबर से धरातल पर शुरू होगा और इसे छठ पूजा तक पूरा कर यात्रियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुधवार को रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) के डीजीएम एसपी सिंह, मालदा मंडल के सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह, सीनियर डीईएन विद्युत मंडल, एईएन गौतम कुमार, एईई हेमंत कुमार, स्टेशन अधीक्षक विनय प्रकाश और आईओडब्ल्यू सहित तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे मेंस यूनियन के सचिव चंदन कुमार और ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के सहायक सचिव शिवशंकर कुमार व बीके महाराज भी मौजूद रहे। योजना के तहत वर्तमान में पार्सल कार्यालय के सामने स्थित यूनियन कार्यालय के बदले कार पार्किंग के समीप आरएलडीए द्वारा 450 वर्ग फीट में नया यूनियन भवन भी बनाया जाएगा।
20-25 हजार अतिरिक्त भीड़ का प्रबंधन, होल्डिंग एरिया में ही कटेंगे टिकट
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्तिक सिंह ने बताया कि छठ महापर्व और होली के दिनों में स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 20 से 25 हजार अतिरिक्त यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है, जबकि लग्न (शादी-विवाह) के सीजन में 8 से 10 हजार अतिरिक्त मुसाफिर पहुंचते हैं। वर्तमान में रोजाना 108 ट्रेनों के ठहराव के साथ सामान्य दिनों में 50 से 55 हजार यात्री आवागमन करते हैं।
भागलपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 14 करोड़ रुपये की लागत से 7200 वर्ग फीट में बनेगा दो मंजिला मॉड्युलर वेटिंग हॉल (स्थाई होल्डिंग एरिया)
1 अक्टूबर से निर्माण कार्य होगा शुरू, छठ पूजा से पूर्व यात्रियों के लिए चालू करने का लक्ष्य; आरएलडीए और राइट्स (RITES) ने तैयार की रूपरेखा
होल्डिंग एरिया के भीतर ही खुलेंगे जनरल टिकट काउंटर; आरक्षण (कन्फर्म) टिकट वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर सीधी अलग एंट्री की व्यवस्था
आरएलडीए डीजीएम, सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह समेत आला अधिकारियों ने किया संयुक्त स्थल निरीक्षण; आरपीएफ-जीआरपी के पुराने क्वार्टर तोड़े जाएंगे
इस भारी दबाव को संभालने के लिए रेल एजेंसी 'राइट्स' (RITES) ने अत्याधुनिक मॉड्युलर वेटिंग हॉल की ड्राइंग तैयार की है। दो मंजिला इस स्थाई होल्डिंग एरिया में ही अनारक्षित (जनरल) टिकटों की बिक्री के लिए विशेष काउंटर बनाए जाएंगे। जनरल टिकट कटाने के बाद ही यात्रियों को होल्डिंग एरिया में प्रवेश मिलेगा। यहां मुसाफिरों के बैठने के लिए कुर्सियां, आधुनिक शौचालय, पेयजल और ट्रेनों की रियल-टाइम जानकारी के लिए बड़े एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं, भीड़ के दबाव को कम करने के लिए आरक्षण (कन्फर्म) टिकट वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर प्रवेश का अलग डेडिकेटेड एंट्री प्वाइंट बनाया जाएगा।
तोड़े जाएंगे पुराने क्वार्टर व बैरक, लोको कॉलोनी में बनेंगे नए आवास
होल्डिंग एरिया के निर्माण के लिए स्टेशन सर्कुलेटरी क्षेत्र में स्थित पुराने रेलवे आवासों, आरपीएफ बैरक तथा आरपीएफ और जीआरपी इंस्पेक्टर के क्वार्टरों को तोड़ा जाएगा। विस्थापित होने वाले कर्मियों के लिए लोको कॉलोनी परिसर में आरएलडीए द्वारा 12 नए आधुनिक क्वार्टरों का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए जमीन पहले ही चिह्नित कर ली गई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या एक को छोड़कर बाकी प्लेटफॉर्मों की चौड़ाई और लंबाई कम है, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 24 कोच के अनुकूल करने की दिशा में भी काम चल रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से छठ और त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर भगदड़ की आशंका पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
