अब मैदान में ही बदल जाएगी क्रिकेट पिच, बिहार के राकेश प्रियदर्शी की तकनीक ने खींचा ध्यान, मिला अंतरराष्ट्रीय पेटेंट
BCE Bhagalpur Startup Bank Connect: भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में 'स्टार्टअप-बैंक कनेक्ट' कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ युवा उद्यमियों को वित्तीय योजनाओं ...और पढ़ें
-1793296702638_m.webp)
BCE Bhagalpur Startup Bank Connect: भागलपुर के उद्यमी ने खोजी मैदान में ही क्रिकेट पिच बदलने की तकनीक
HighLights
BCE भागलपुर में 'स्टार्टअप-बैंक कनेक्ट' कार्यक्रम का आयोजन।
राकेश प्रियदर्शी की 'इन-सिटू क्रिकेट पिच चेंजर' तकनीक का प्रदर्शन।
नवाचार को भारत और दक्षिण अफ्रीका में मिला पेटेंट।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। BCE Bhagalpur Startup Bank Connect: तकनीकी नवाचार और नए विचारों को सफल व्यावसायिक उद्यम में तब्दील करने की राह में पूंजी की कमी कभी बाधा न बने, इसी उद्देश्य के साथ भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय (BCE) में गुरुवार को 'स्टार्टअप-बैंक कनेक्ट' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के स्टार्टअप सेल द्वारा आयोजित इस विशेष सत्र में युवा इनोवेटर्स, नवोदित उद्यमियों और इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को बैंक ऋण की सुलभ प्रक्रियाओं, केंद्र व राज्य सरकार की वित्तीय योजनाओं, क्रेडिट गारंटी फंड और 'स्टार्टअप बिहार नीति' की बारीकियों से रूबरू कराया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बिमलेश कुमार के मार्गदर्शन और उपप्राचार्य प्रो. शशांक शेखर की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाद सत्र में बैंकिंग और उद्योग जगत के शीर्ष अधिकारियों ने शिरकत की। उपप्राचार्य ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक मजबूत तकनीकी विचार को सही समय पर उचित मेंटरशिप और वित्तीय सहयोग मिल जाए, तो वह बड़ा उद्योग बनकर सैकड़ों लोगों को रोजगार दे सकता है।
क्रिकेट मैदान में ही बदल जाएगी पिच, तकनीक ने खींचा ध्यान
सत्र के दौरान भागलपुर की स्टार्टअप कंपनी ‘स्क्वायर-कट रिसर्च एंड इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड’ के संस्थापक राकेश प्रियदर्शी के नवाचार ने सभी विशेषज्ञों और छात्रों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने अपनी विकसित की जा रही ‘इन-सिटू क्रिकेट पिच चेंजर’ (In-situ Cricket Pitch Changer) तकनीक का सफल प्रदर्शन किया।
इस तकनीक के जरिए किसी भी मुख्य क्रिकेट स्टेडियम में बिना पारंपरिक जटिलताओं के, मैदान के भीतर ही यांत्रिक प्रणाली से पिच को आवश्यकतानुसार बदला जा सकेगा। राकेश प्रियदर्शी ने बताया कि इस नवाचार को भारत सरकार से पेटेंट (संख्या: 419285) मिलने के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका में भी पेटेंट प्राप्त हो चुका है।

बिहार सरकार की स्टार्टअप नीति के तहत मिली चार लाख रुपये की सीड फंडिंग से इसका 'प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट' (PoC) तैयार किया जा चुका है और वर्तमान में बीआईटी पटना (BIT Patna) इनक्यूबेशन सेंटर के सहयोग से इसका वास्तविक प्रोटोटाइप तैयार किया जा रहा है।
सरकारी नीतियां और क्रेडिट गारंटी योजना पर विस्तार से चर्चा
कार्यक्रम में पहुंचे जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक राकेश कुमार ने स्टार्टअप के लिए राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न अनुदान योजनाओं, सीड फंड और जिला स्तर पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी साझा की। अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) शैलेश गुप्ता और नाबार्ड की डीडीएम अर्चना प्रिया ने आसान बैंकिंग प्रक्रियाओं, एग्री-स्टार्टअप्स की संभावनाओं और समय पर ऋण स्वीकृति के तौर-तरीके समझाए।
वहीं बैंक ऑफ इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रदीप सिंह, डीबीसीओ के चीफ मैनेजर सुबोध पंजियार और पंजाब नेशनल बैंक के डीबीसीओ सुनील प्रकाश शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की 'क्रेडिट गारंटी स्कीम' के तहत पात्र स्टार्टअप्स को बिना किसी कठिन गारंटी के वित्तीय ऋण उपलब्ध कराया जाता है। सरकारी योजनाओं के विशेषज्ञ श्याम प्रकाश ने बिहार स्टार्टअप नीति के लाभ गिनाए, जबकि प्रोजेक्ट मैनेजर अजय कुमार ने परियोजना नियोजन व क्रियान्वयन के रणनीतिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कई प्रमुख तकनीकी संस्थानों के छात्र हुए शामिल
स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज शैलेश कुमार और समन्वयक अभिषेक कुमार के संयोजन में आयोजित इस कार्यशाला में अंग क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इसमें बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU) सबौर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) भागलपुर, राजकीय पॉलिटेक्निक भागलपुर, राजकीय आईटीआई तथा महिला आईटीआई के प्राध्यापक, स्टार्टअप प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सवाल-जवाब सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शंकाओं का समाधान किया और बैंकों से सीधे संपर्क स्थापित किया।
