भागलपुर: श्रावणी मेला में पहली बार हुआ ड्रोन शो, आकाश में दिखी शिव की भव्य आकृति
श्रावणी मेला के इतिहास में पहली बार अजगैवीनाथ धाम के कच्ची कांवरिया पथ पर भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकृतियों प्रदर्शन करते ड्रोन शो। फोटो जागरण
HighLights
श्रावणी मेला में पहली बार भव्य ड्रोन शो का आयोजन।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से किया उद्घाटन।
आकाश में दिखी भगवान शिव और धार्मिक आकृतियों की छटा।
संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। श्रावणी मेला के इतिहास में पहली बार रविवार को कच्ची कांवरिया पथ पर धांधी बेलारी में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया।
आस्था, आध्यात्मिकता, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को आकर्षित किया। ड्रोन के माध्यम से आकाश में भगवान शिव, बाबा अजगैवीनाथ सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियों का प्रदर्शन किया गया।
रंग-बिरंगी रोशनी से सजे आकाशीय दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र, स्थानीय विधायक ललित नारायण और भागलपुर विधायक रोहित पांडेय मौजूद थे।
शीघ्र शुरू होगा अजगैवीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल अजगैवीनाथ धाम-बाबाधाम फोरलेन का काम पूरा कर लिया जाएगा। अजगैवीनाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
वहीं, अजगैवीनाथ धाम-अगवानी गंगा पुल का निर्माण अगले वर्ष नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला की व्यवस्थाएं इस बार बेहतर रही हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से इस बार पहली बार अजगैवीनाथ धाम से देवघर तक कांवरियों पर पुष्पवर्षा भी कराई गई।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु के मरम्मत का काम 15 दिनों के लिए टला, बाढ़ के कारण CM सम्राट का फैसला; जलमार्ग बंद
