विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला सेतु के मरम्मत का काम 15 दिनों के लिए टला, बाढ़ के कारण CM सम्राट का फैसला; जलमार्ग बंद  

Published: Mon, 24 Aug 2026 10:00 AM (GMT+05:30)

गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद करने की समय-सीमा 15 ...और पढ़ें

विक्रमशिला सेतु पर सीएम सम्राट का एलान। फाइल फोटो

विक्रमशिला सेतु पर सीएम सम्राट का एलान। फाइल फोटो

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु पर आवागमन की समय-सीमा 15 दिन बढ़ी।

  2. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ की स्थिति देख घोषणा की।

  3. पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण कार्य अब टला।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद करने की समय-सीमा 15 दिन बढ़ा दी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अजगैवीनाथ धाम में आयोजित श्रावणी मेला से जुड़े कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़कर यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण कार्य 29 अगस्त से शुरू होना था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए पुल को बंद करने की तिथि आगे बढ़ा दी गई है। आम लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

जलमार्ग भी हुआ बंद

दूसरी ओर गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर जलमार्ग पर भी पड़ा है। बरारी गंगा घाट से संचालित मालवाहक जलयान पहले ही बंद हो चुका है। अब बाबूपुर गंगा घाट से चलने वाला मालवाहक जलयान भी रविवार से बंद कर दिया गया। गंगा की तेज धारा और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण जलमार्ग से आवागमन प्रभावित हुआ है।

समानांतर सेतु का काम भी प्रभावित

बाढ़ के कारण विक्रमशिला सेतु के समानांतर निर्माणाधीन नए फोरलेन सेतु का नदी क्षेत्र में चल रहा काम भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में जलमार्ग और समानांतर सेतु का काम बाधित होने के बीच विक्रमशिला सेतु का खुला रहना भागलपुर-नवगछिया के बीच सड़क संपर्क के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।

18 अगस्त को जागरण ने जताई थी संभावना

विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद करने की समय-सीमा बढ़ने की संभावना को लेकर दैनिक जागरण ने 18 अगस्त को 'विक्रमशिला सेतु : 15 दिन बढ़ सकती है आवागमन बंद होने की समय-सीमा' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। मुख्यमंत्री के रविवार को घोषणा करते ही इसकी पुष्टि हो गई।

यह भी पढ़ें- Vikramshila Setu Update: बिहार में विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम टला, फिलहाल नहीं हटाया जाएगा बेली ब्रिज