विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC रिजल्ट में भागलपुर का जलवा: अखिल बने SDM तो सना प्रोबेशन ऑफिसर, प्रिंयका और वैष्णवी भी बनेंगी अधिकारी 

Published: Sun, 21 Jun 2026 02:38 AM (IST)

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में भागलपुर के कई युवाओं ने शानदार सफलता हासिल की है। अखिल कुमार ...और पढ़ें

वैष्णवी,सना, प्रियंका और अखिल। फाइल फोटो

वैष्णवी,सना, प्रियंका और अखिल। फाइल फोटो

HighLights

  1. अखिल कुमार रुंगटा 188वीं रैंक के साथ एसडीएम बने।

  2. सना नवाजिश 876वीं रैंक पाकर प्रोबेशन ऑफिसर बनीं।

  3. प्रियंका कुमारी और वैष्णवी चौधरी ने भी सफलता पाई।

जागरण टीम, भागलपुर। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में भागलपुर के कई युवाओं ने बाजी मारी है। अब वह प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की सेवा करेंगे। 

पीरपैंती प्रखंड के सुंदरपुर गांव की निवासी प्रियंका कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में अपने दूसरे प्रयास में 2652 रैंक प्राप्त की है।

प्रियंका कुमारी वर्तमान में 2021 में बिहार दरोगा परीक्षा में सफल होने के बाद लखीसराय जिले के मननपुर थाना में पदस्थापित हैं। थाना में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग की तैयारी जारी रखी और अपने दूसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की।

77063628

प्रियंका के पिता महेश रजक स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र हैं तथा वर्तमान में खाद्य आपूर्ति दुकानदार के रूप में कार्यरत हैं। उनकी माता बेबी कुमारी गोविंदपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रियंका की सफलता की खबर देर शाम मिलते ही परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए प्रियंका को बधाई दी।

दूसरे प्रयास में मिली सफलता, कबीरपुर की सना बनीं प्रोबेशन ऑफिसर

भागलपुर जिले के कबीरपुर हाफिज लेन की सना नवाजिश ने दूसरे प्रयास में बीपीएससी परीक्षा में 876वीं रैंक हासिल कर प्रोबेशन आफिसर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

77063684

सना ने दसवीं की पढ़ाई सेंट जोसेफ स्कूल से तथा इंटरमीडिएट और स्नातक की शिक्षा टीएनबी कॉलेज से पूरी की। गणित आनर्स में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं सना पिछले दो वर्षों से दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।

इससे पहले वह यूपीएससी की परीक्षा भी पास कर चुकी थीं, लेकिन इंटरव्यू चरण में चयन से चूक गई थीं। उनकी सफलता पर बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा है।

पहले प्रयास में ही वैष्णवी और अखिल को मिली सफलता

आदमपुर निवासी वैष्णवी चौधरी ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 47 वीं रैंक प्राप्त की है। वैष्णवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भागलपुर के माउंट एसीसी स्कूल से दसवीं तक पूरी की।

77061424

इसके बाद उच्च माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के बनस्थली विद्यापीठ से पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनामिक्स से भूगोल विषय में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) की पढ़ाई कर रही हैं। वैष्णवी के पिता योग प्रशिक्षक हैं।

भागलपुर के दीपनगर कटरा कलाली गली निवासी अखिल कुमार रुंगटा ने भी बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 188 रैंक हासिल किया है, जिसके आधार पर उनका चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। उन्होंने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि प्राप्त कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

77061423

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले अखिल की इस उपलब्धि से परिवार और मोहल्ले में खुशी का माहौल है। इधर, सेंट जोसेफ स्कूल के छात्र रहे अमित राज को 239वीं रैंक मिली। अमित का चयन शिक्षा विभाग के पदाधिकारी के रूप में हुआ है। वे मूल रूप से सुपौल के निवासी हैं।

यह भी पढ़ें- BPSC 70th Resuts 2026: टॉप-10 में 5 लड़कियों ने मारी बाजी, यूपी की श्रद्धा पांडे बनीं टॉपर; 528 तक गया कट-ऑफ

यह भी पढ़ें- BPSC रिजल्ट में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों का दबदबा, UP की श्रद्धा ने सेल्फ स्टडी के दम पर रचा इतिहास