विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर-आंगन में ही असुरक्षित हैं बेटियां: भागलपुर सखी केंद्र में 19 महीने में 432 केस दर्ज, सर्वाधिक घरेलू हिंसा के

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:03 PM (IST)

Bhagalpur One Stop Center Sakhi Kendra Women Safety Domestic Violence Report 2026:  भागलपुर के वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) में 19 महीनों में 432 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें सर्वाधिक घरेलू हिंसा के हैं। यह केंद्र महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी सहायता और परामर्श प्रदान कर रहा है।

Bhagalpur One Stop Center Sakhi Kendra Women Safety Domestic Violence Report 2026: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

Bhagalpur One Stop Center Sakhi Kendra Women Safety Domestic Violence Report 2026: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. 19 महीनों में सखी केंद्र में 432 मामले दर्ज हुए।

  2. सर्वाधिक 263 मामले घरेलू हिंसा से संबंधित पाए गए।

  3. केंद्र ने 47 परिवारों को काउंसलिंग से फिर जोड़ा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur One Stop Center Sakhi Kendra Women Safety Domestic Violence Report 2026: घर-आंगन! जिसे हर बेटी सबसे सुरक्षित मानती है, कई बार वही सबसे गहरे जख्म दे जाता है। लोकलाज की अदृश्य बेड़ियां वर्षों तक इन सिसकियों को उनके अपने ही आंगन में दबाए रखती थीं, लेकिन अब यह चुप्पी टूट रही है।

भागलपुर का वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) प्रताड़ित महिलाओं का सबसे बड़ा संबल बन गया है। यहां महिलाएं केवल मुकदमा दर्ज कराने नहीं आतीं, बल्कि अपने अधिकार व सरकारी सहायता की जानकारी लेने और मन का बोझ हल्का करने भी पहुंच रही हैं।

महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से संचालित इस केंद्र के आंकड़े महिलाओं के बढ़ते साहस की गवाही देते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक (19 महीनों में) आगंतुक पंजी में 5,623 प्रविष्टियां दर्ज हुई हैं। इनमें पिछले वर्ष की 3,400 और चालू वर्ष की 2,223 प्रविष्टियां शामिल हैं। यानी प्रतिदिन औसतन 11 महिलाएं सहायता की आस में यहां पहुंच रही हैं।

अपनों से ही सबसे बड़ा खतरा, घरेलू हिंसा के सर्वाधिक 263 मामले

रिपोर्ट का कड़वा सच यह है कि महिलाएं बाहर से ज्यादा अपनों के बीच असुरक्षित हैं। दोनों वर्षों में कुल 432 मामले (पिछले वर्ष 254 और चालू वर्ष में 178) दर्ज हुए हैं। इनमें सर्वाधिक 263 घरेलू हिंसा (151 व 112) और 73 दहेज प्रताड़ना (45 व 28) के हैं। इसके अलावा यौन उत्पीड़न के नौ (तीन व छह) और अन्य श्रेणी के 87 मामले (55 व 32) सामने आए हैं।

अपनत्व भरे संवाद से बसे 47 परिवार, 65 मामलों में हुई पुलिस कार्रवाई

केंद्र प्रशासक मोना कुमारी बताती हैं कि सभी 432 मामलों में काउंसिलिंग की गई। अपनत्व भरे संवाद से 47 मामलों (23 व 24) में टूटते परिवार फिर से बस गए। वहीं, जहां जुल्म की हद पार हुई, वहां 65 मामलों (पिछले वर्ष 24 और चालू वर्ष में 41) में पुलिस कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दो वर्षों में आठ महिलाओं को अस्थायी आश्रय (एक व सात) और चालू वर्ष में दो महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता मिली है। वर्तमान में केंद्र में 72 मामले लंबित हैं।

24 घंटे कार्यरत केंद्र में तैनात हैं छह कर्मी, एक छत के नीचे मिलती हैं सभी सुविधाएं

24 घंटे कार्यरत इस केंद्र में छह कर्मियों की टीम तैनात है। यहां एक ही छत के नीचे चिकित्सा, पुलिस, कानूनी परामर्श, काउंसिलिंग व भोजन-आश्रय की सुविधा मिलती है। जरूरत पड़ने पर केंद्र के कर्मियों द्वारा पीड़िता को अस्पताल, थाना और न्यायालय तक पहुंचाने में भी पूरा सहयोग किया जाता है, ताकि वह आत्मविश्वास के साथ सामान्य जीवन की ओर लौट सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।