विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सनातन धर्म में यज्ञ का क्या है महत्व? भागलपुर में साध्वी कावेरी प्रज्ञा ने खोले कई रहस्य, कल्याण के लिए दिए यह मंत्र

Published: Mon, 02 Nov 2026 01:06 AM (IST)

भागलपुर में निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर और कामाख्या पीठ की साध्वी के आगमन पर 'श्री श्री 108 महालक्ष्मी पीतांबरा 36 ...और पढ़ें

बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में होगा 36 कुंडीय महालक्ष्मी पीतांबरा महायज्ञ व महाशक्ति सनातन धर्म महोत्सव

बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में होगा 36 कुंडीय महालक्ष्मी पीतांबरा महायज्ञ व महाशक्ति सनातन धर्म महोत्सव

HighLights

  1. भागलपुर में 11 दिवसीय महालक्ष्मी पीतांबरा महायज्ञ और महोत्सव की घोषणा।

  2. साध्वी कावेरी प्रज्ञा ने यज्ञ को सनातन धर्म का आधार बताया।

  3. बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में 24 नवंबर को ध्वजारोहण, 9 मार्च से महायज्ञ।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। सिल्क सिटी भागलपुर में रविवार को उस समय आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ, जब सनातन परंपरा के मूर्धन्य संतों का शहर में पावन आगमन हुआ। मुंदीचक स्थित आस्था विवाह भवन में निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 डॉ. रमण पुरी जी महाराज और कामाख्या पीठ की सिद्ध साध्वी कावेरी प्रज्ञा जी के भागलपुर प्रवास के उपलक्ष्य में धर्मप्रेमियों और प्रबुद्ध नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर के पावन मैदान में आगामी वर्ष आयोजित होने वाले 'श्री श्री 108 महालक्ष्मी पीतांबरा 36 विविध कुंडीय 11 दिवसीय महायज्ञ' और 'महाशक्ति सनातन धर्म महोत्सव' के आयोजन पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। सनातन रक्षा वाहिनी के तत्वावधान में होने वाले इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर शहरवासियों में अपार उत्साह देखने को मिला।

24 नवंबर को ध्वजारोहण, 9 मार्च से शुरू होगा 11 दिवसीय महायज्ञ

बैठक में महायज्ञ की तिथियों की विधिवत घोषणा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को बाबा बूढ़ानाथ मंदिर मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ का ध्वजारोहण संपन्न होगा। इसके उपरांत फाल्गुन शुक्ल पक्ष प्रथमा यानी 9 मार्च से 11 दिवसीय मुख्य महायज्ञ का शुभारंभ होगा।

बैठक की अध्यक्षता वेदांती शंभु नाथ शास्त्री ने की, जबकि मंच संचालन दिलीप शास्त्री द्वारा किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से ज्योतिषाचार्य एवं तांत्रिक क्रिया योगी स्मार्त परमहंस आचार्य पंकज अथर्व को इस विशाल महायज्ञ का मुख्य संयोजक मनोनीत किया गया।

Bhagalpur Sadhvi Kaveri Pragya Reveals Sanatan Dharma Yagya Secrets (1)

'यज्ञ ही सनातन संस्कृति का मुख्य आधार'

बैठक को संबोधित करते हुए कामाख्या पीठ की सिद्ध साध्वी कावेरी प्रज्ञा जी ने भागलपुरवासियों का आह्वान किया और कहा कि यदि हम सनातन की रक्षा और संवर्धन चाहते हैं, तो यज्ञ का अनुष्ठान अनिवार्य है। यज्ञ ही हमारी वैदिक संस्कृति और सनातन धर्म का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि आचार्य पंकज अथर्व मां भगवती की विशेष कृपा और प्रेरणा से भागलपुर आए हैं, इसलिए सभी नगरवासी एकजुट होकर हर प्रकार से सहयोग करें और इस अनुष्ठान को सफल बनाएं।

'जीवन शुद्धि का मार्ग है यज्ञ : साध्‍वी कावेरी प्रज्ञा'

कामाख्या पीठ की सिद्ध साध्वी कावेरी प्रज्ञा जी ने भागलपुरवासियों का आह्वान करते हुए सनातन धर्म में यज्ञ के गूढ़ आध्यात्मिक महत्व और इसके रहस्यों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि सनातन की रक्षा, आत्मशुद्धि और प्रकृति के संतुलन का मूल आधार यज्ञ ही है। वैदिक काल से ही यज्ञ केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि ब्रह्मांडीय ऊर्जा से जुड़ने का प्रत्यक्ष साधन रहा है। साध्वी जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में सकारात्मकता, एकाग्रता और धर्म की रक्षा के लिए वैदिक मंत्रों के नियमित जप और यज्ञीय जीवनशैली अपनाने का पावन मंत्र दिया।

उन्होंने भावुक स्वर में कहा, "यदि हम अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण व संवर्धन चाहते हैं, तो यज्ञ अनुष्ठान से जुड़ना अनिवार्य है। यज्ञ ही हमारे धर्म का प्राण तत्व है।" उन्होंने बताया कि स्मार्त परमहंस आचार्य पंकज अथर्व मां भगवती की विशेष कृपा और आध्यात्मिक प्रेरणा से भागलपुर की इस पावन धरा पर आए हैं। उन्होंने सभी नगरवासियों से अपील की कि वे एकजुट होकर हर प्रकार से सहयोग करें और बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में होने वाले इस 36 कुंडीय महालक्ष्मी पीतांबरा महायज्ञ को ऐतिहासिक व सफल बनाएं।

वहीं निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर डॉ. रमण पुरी जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भागलपुर की माटी सदा से ज्ञान, तप और धर्म की केंद्र रही है। इतने बड़े पैमाने पर 36 कुंडीय महायज्ञ के आयोजन से न केवल अंग क्षेत्र बल्कि पूरे बिहार में सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का संचार होगा।

18 भुजाधारी देवी के होंगे दर्शन, गुरुकुल व मंदिर स्थापना का संकल्प

महायज्ञ के संयोजक स्मार्त परमहंस आचार्य पंकज अथर्व ने बताया कि वे पिछले डेढ़ वर्षों से भागलपुर में इस महायज्ञ के निमित्त विचरण और तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि 11 दिवसीय महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन देश के मूर्धन्य संतों द्वारा ज्ञान गंगा प्रवाहित होगी।

आयोजन में प्रख्यात कथावाचिका दीदी मां साध्वी ऋतंभरा, ह‍िंदू सभा के अध्‍यक्ष जगद्गुरु शंकराचार्य चक्रपाण‍ि जी महाराज, किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर कौशल्यानंद पुरी जी और राज राजेश्वरी राधिकापुरी जी, अख‍िल भारतीय अखाड़ा पर‍िषद के अध्‍यक्ष महंथ श्री डॉ. र‍व‍िन्‍द्रपुरी जी महाराज, साध्‍वी कावेरी प्रज्ञा सहित एक दर्जन से अधिक शीर्ष संत-महात्माओं का भागलपुर आगमन सुनिश्चित हो चुका है।

उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान 36 कुंडीय यज्ञ, कुमारी कन्या पूजन, शक्ति पूजन, दीपदान, कमलासन 18 भुजाधारी महालक्ष्मी पीतांबरा, दस महाविद्या, अष्ट मातृका, पंचमुखी शिव, स्वर्णाकर्षण पंचमुखी हनुमान, स्वर्णाकर्षण भैरव, गणेश, विष्णु, सूर्य, महादुर्गा और कामाख्या देवी के विग्रह स्वरूप के दिव्य दर्शन होंगे।

साथ ही सहस्त्रनाम और दुर्गा सप्तशती के पाठ किए जाएंगे। इसके अलावा देवी भागवत कथा, सीताराम कथा, शिव महापुराण और श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान भी श्रद्धालु करेंगे। महोत्सव के दौरान अंग क्षेत्र में महागौरी मंदिर की स्थापना, नियमित गौ सेवा और एक उत्कृष्ट गुरुकुल की स्थापना का ऐतिहासिक संकल्प भी लिया जाएगा।

Bhagalpur Sadhvi Kaveri Pragya Reveals Sanatan Dharma Yagya Secrets (2)

दोनों हाथ उठाकर श्रद्धालुओं ने लिया पूर्ण सहयोग का संकल्प

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विभाग प्रचारक सुरेन्द्र जी और निरंजनी अखाड़ा के संत दिनेशपुरी जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान उपस्थित सभी धर्मानुरागियों ने दोनों हाथ उठाकर महायज्ञ को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से हर संभव सहायता करने का सामूहिक वचन दिया।

बैठक में प्रमुख रूप से कथावाचक पंकज पांडेय, वार्ड सदस्य अमित कुमार ट्विंकल, रतन संथालिया, नीरज शुक्ला, बलराम गोस्वामी, शशिकांत शशि, पुनेन्दु दुबे, दीपक कुमार तिवारी, कुणाल सिंह, दीपक श्रीवास्तव, रमन सिंह, मनोज बुधिया, बाल्मीकि सिंह, पंडित निशाकर मिश्र, पंडित शंभु झा, बब्बू, गुड्डू राय, सौरभ कुमार, प्रतीक, राजू कुमार सिंह, नीरज कुमार, हर्ष शांडिल्य, कृष यादव, मानस, मृगांक शेखर, प्रिय रंजन, अक्षय, मुदित, विद्याकांत झा और पुष्कर कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।