विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Weather Update: बिहार में कमजोर पड़ा 'अकवान' चक्रवात, बारिश को लेकर नया अपडेट जारी

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:30 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के अवशेषों के कारण भागलपुर में रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 

छाता के सहारे बारिश से बचने की कोशिश करते लोग। जागरण

छाता के सहारे बारिश से बचने की कोशिश करते लोग। जागरण

HighLights

  1. चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेषों से हुई बारिश।

  2. भागलपुर में 15.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

  3. मौसम विभाग ने अगले दिन हल्की बारिश का अनुमान लगाया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' भले ही कमजोर पड़ गया हो, लेकिन उसका मौसमी असर अभी भागलपुर के आसमान पर बना हुआ है।

तूफान के अवशेष के साथ पहुंची नमी और ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण शनिवार को शहर में दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुककर बारिश होती रही।

कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया। धूप की तल्खी गायब रही और अधिकतम तापमान सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करने वाली ठंडक का एहसास कराता रहा।

बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, देर रात भी छितराए वर्षा बैंड के गुजरने से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

भागलपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह साढ़े आठ बजे तक 0.8 मिलीमीटर और सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

इस तरह सुबह से शाम तक कुल 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। हवा में नमी का स्तर सुबह 91 प्रतिशत और शाम को बढ़कर 98 प्रतिशत पहुंच गया। औसत हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटे रही और दिशा पूर्वी थी।

कमजोर पड़ा तूफान 

भारत मौसम विज्ञान विभाग भागलपुर केंद्र के विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के अवशेष 20 नवंबर की रात 11:30 बजे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में मौजूद थे। यह कमजोर होकर मध्य ओडिशा के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया।

21 नवंबर की सुबह 5:30 बजे यह उत्तर आंतरिक ओडिशा के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित हो गया। सुबह 8:30 बजे तक इसका प्रभाव उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गया था।

इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है। ऊंचाई के साथ इसका झुकाव दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यही ऊपरी परिसंचरण और इससे जुड़ी नमी भागलपुर सहित आसपास के इलाकों में बादलों की सक्रियता बनाए रखने में भूमिका निभा रही है।

दोपहर बाद घटेगी बारिश, देर रात फिर बूंदाबांदी के आसार

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को सुबह आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना है। दोपहर के आसपास भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसकी तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं।

दोपहर बाद वर्षा की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी और शाम तक आसमान साफ होने की संभावना है। हालांकि, देर रात एक छितराया हुआ वर्षा बैंड क्षेत्र से गुजर सकता है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिन में बादलों और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहाना रह सकता है, जबकि रात में नमी का असर बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 22 November: चक्रवात का असर घटने के बाद रविवार को शुष्क रहेगा मौसम, छाए रह सकते बादल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।