छठ से पहले भागलपुर रेलवे जंक्शन पर बड़ा बदलाव; प्लेटफार्म 2-3 पर एक साथ नहीं लगेंगी ट्रेनें, 3 माह से अटका है प्रोजेक्ट
Bhagalpur Railway Station Platform 2-3 Lift: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर छठ पूजा में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए प्लेटफॉर्म ...और पढ़ें

Bhagalpur Railway Station Platform 2-3 Lift: भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो-तीन स्थित फुटओवर ब्रिज पर तैयार पड़ी लिफ्ट
HighLights
छठ पूजा हेतु प्लेटफॉर्म 2-3 पर एक साथ ट्रेनें नहीं लगेंगी।
भागलपुर स्टेशन पर लिफ्ट का काम तीन माह से अटका है।
तकनीकी खामियों के कारण लिफ्ट का संचालन शुरू नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Railway Station Platform 2-3 Lift: मालदा रेल मंडल अंतर्गत भागलपुर रेलवे स्टेशन के संवेदनशील और तुलनात्मक रूप से संकरे प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर प्रस्तावित यात्री सुविधाएं विभागीय लेटलतीफी की भेंट चढ़ी हुई हैं। श्रावणी मेले की भारी भीड़ से पूर्व जिस लिफ्ट को चालू करने की डेडलाइन तय की गई थी, वह मेला समाप्त होने के तीन माह बाद भी धूल फांक रही है।
हालांकि, फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियों के चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन लिफ्ट का पहिया अब तक नहीं घूम सका है। अब छठ पूजा में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने किसी भी संभावित हादसे या धक्का-मुक्की को टालने के लिए प्लेटफार्म 2 और 3 पर एक साथ ट्रेनों को न लेने का बड़ा परिचालन निर्णय लिया है।
डीआरएम का अल्टीमेटम फेल, 3 महीने से अटकी लिफ्ट
प्लेटफार्म संख्या दो और तीन की लंबाई-चौड़ाई अपेक्षाकृत कम होने और फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों के संकरा होने के कारण आम दिनों में भी यहां यात्रियों का भारी दबाव रहता है। श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मालदा के डीआरएम ने मेले से पहले ही सीढ़ियों के चौड़ीकरण और नई लिफ्ट चालू करने का सख्त निर्देश दिया था।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, लिफ्ट का ढांचा और इंस्टालेशन का काम महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन तकनीकी कमियों और समय पर विद्युतीकरण (इलेक्ट्रिफिकेशन) न होने की वजह से इसे चालू नहीं किया जा सका। नतीजतन बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को चौड़ी हुई सीढ़ियों की चढ़ाई चढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
छठ में बढ़ेंगे 10 हजार अतिरिक्त यात्री, रेलवे ने बदला प्लान
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान भागलपुर स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब उमड़ता है। खासकर पर्व संपन्न होने के बाद जब प्रवासियों के महानगरों की ओर लौटने का सिलसिला शुरू होगा, तब स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में प्रतिदिन 8 से 10 हजार अतिरिक्त यात्रियों का भार बढ़ेगा। ऐसे में प्लेटफार्म दो और तीन पर भीड़ नियंत्रण करना रेल सुरक्षा बल और रेलकर्मियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
इस दबाव को भांपते हुए परिचालन विभाग ने तय किया है कि प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर एक ही समय में दोनों ओर ट्रेनें नहीं ली जाएंगी। यात्रियों की भीड़ के आकलन के आधार पर किसी एक प्लेटफार्म पर ट्रेन को प्लेस किया जाएगा, जिससे यात्री आसानी से उतर-चढ़ सकें और प्लेटफार्म पर अनावश्यक जाम या भगदड़ की स्थिति न बने।
छठ से पहले शुरू कराने का प्रयास: एडीआरएम
मालदा रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अमरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि कुछ अपरिहार्य तकनीकी कारणों के चलते प्लेटफार्म संख्या दो-तीन की लिफ्ट समय पर चालू नहीं हो सकी थी। रेलवे की तकनीकी टीम इसे दुरुस्त करने में जुटी है और पूरा प्रयास है कि छठ पूजा से पहले यात्रियों के लिए लिफ्ट का संचालन शुरू कर दिया जाए।
एडीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए दोनों प्लेटफार्मों पर एक साथ ट्रेनें न लेने का निर्णय लिया गया है ताकि आवागमन सुगम रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला और फरक्का एक्सप्रेस के समय में बदलाव! 28 अक्टूबर से नई समय सारणी लागू, दिल्ली जाने वाले दें ध्यान
