पुलिस को देख तस्करों ने गंगा में फेंका हथियार, अंधेरे का फायदा उठाकर नाव सहित भागे साथी; सबौर में 948 बोतल शराब जब्त
Bhagalpur Police Liquor Seized Ganga River Boat Smuggling Arrest: भागलपुर के सबौर में पुलिस ने गंगा किनारे छापेमारी कर नाव से लाई गई 948 बोतल शराब जब्त की। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया और एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया, जबकि कुछ तस्कर हथियार फेंककर भाग निकले।

Bhagalpur Police Liquor Seized Ganga River Boat Smuggling Arrest: भागलपुर में गंगा के जलमार्ग से शराब तस्करी का भंडाफोड़
HighLights
सबौर में गंगा किनारे 948 बोतल शराब जब्त।
तीन पेशेवर तस्कर गिरफ्तार, एक किशोर पुलिस संरक्षण में।
तस्करों ने हथियार गंगा में फेंके, नाव चालक फरार।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Police Liquor Seized Ganga River Boat Smuggling Arrest: गंगा का जलमार्ग अब शराब तस्करों के लिए सुगम रास्ता बनता जा रहा है। सड़क मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी से बचने के लिए तस्कर अब नाव के सहारे शराब की खेप पहुंचा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार तड़के करीब चार बजे सबौर थाना की पुलिस ने इंग्लिश गांव के काली स्थान के पास गंगा किनारे छापेमारी कर नाव से उतारी गई 948 बोतलों में बंद 288.9 लीटर शराब बरामद की। मौके से तीन पेशेवर तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस को देख गंगा में फेंका हथियार, नाव लेकर भागे साथी
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने अपने हथियार (आर्म्स) गंगा नदी में फेंक दिए। वहीं, नाव चालक अंधेरे का फायदा उठाकर नाव सहित मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गंगा के उस पार से नाव से लाकर गांव में करते थे डिलीवरी
सबौर थानेदार इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी तस्कर इंग्लिश गांव के ही निवासी हैं। इनमें सुमीत कुमार, सुनील कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गंगा के उस पार से नाव के माध्यम से इंग्लिश गांव के किनारे शराब उतारी जा रही थी और यहीं से इसकी डिलीवरी की जाती थी।
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने कहा कि सभी पकड़े गए आरोपित पेशेवर शराब धंधेबाज हैं। शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई कहां-कहां की जानी थी, इसकी गहन जांच की जा रही है। निशानदेही के आधार पर आगे भी छापेमारी और गिरफ्तारी की जाएगी। भोर में हुई इस कार्रवाई से इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।