विक्रमशिला पुल बंद होने के बाद गंगा घाटों पर पुलिस का पहरा; बियाडा से जीरोमाइल तक स्पेशल पेट्रोलिंग, नवगछिया में सशस्त्र बल अलर्ट
विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज से वाहनों का परिचालन बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया पुलिस अलर्ट हो गई ...और पढ़ें
HighLights
विक्रमशिला सेतु बंद होने से पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था।
भागलपुर-नवगछिया में गंगा घाटों पर विशेष गश्ती दल तैनात।
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज के सहारे होने वाला वाहनों का परिचालन बंद होते ही भागलपुर और नवगछिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। गंगा नदी के किनारे बियाडा क्षेत्र से वैकल्पिक फेरी (जहाज) सेवा शुरू होते ही घाटों और पहुंच पथों पर मुसाफिरों व वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया है। यात्रियों की मुकम्मल सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के लिए भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने नियमित यातायात पुलिस के अतिरिक्त संबंधित थानों की विशेष मोबाइल गश्ती टीमें तैनात कर दी हैं।
अल सुबह से देर शाम तक गंगा पार करने के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रमुख वैकल्पिक मार्गों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा बैठाया गया है। बरारी से तिलकामांझी मार्ग पर बरारी थाने की पुलिस निरंतर पेट्रोलिंग कर रही है, जबकि बियाडा, मीराचक होते हुए जीरोमाइल जाने वाले वैकल्पिक एप्रोच पथ पर औद्योगिक थाने की पुलिस टीम को विशेष गश्त में लगाया गया है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह है कि भीड़ या सन्नाटे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व मुसाफिरों से मारपीट, छिनतई या लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम न दे सकें।
जाह्नवी चौक से मुख्य सड़क तक हथियारबंद जवान तैनात
उधर, नवगछिया पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने भी मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने परबत्ता थाना और जाह्नवी चौक टीओपी पुलिस को वाहनों के सुगम संचालन और सुरक्षा को लेकर चौबीसों घंटे पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नवगछिया की ओर गंगा घाट से लेकर मुख्य एनएच तक के पूरे दायरे को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पुलिस के लाठीधारी जवानों के साथ-साथ स्वचालित हथियारों से लैस जवानों को रूट पर लगातार भ्रमणशील रखा गया है, ताकि घाट पर उतरने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
विक्रमशिला सेतु बंदी: सुरक्षा व रूट पेट्रोलिंग प्लान
भागलपुर शहरी व वैकल्पिक रूट:
बरारी से तिलकामांझी मार्ग: बरारी थाना पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग।
बियाडा-मीराचक से जीरोमाइल मार्ग: औद्योगिक थाना पुलिस टीम द्वारा निरंतर गश्त।
संवेदनशील प्वाइंट्स: तिलकामांझी, बरारी, श्मशान घाट, पुल घाट व जीरोमाइल चौक।
नवगछिया क्षेत्र (उत्तरी छोर):
कमान: एसपी वैभव शर्मा के निर्देशन में परबत्ता थाना व जाह्नवी चौक टीओपी।
तैनाती: जाह्नवी चौक घाट से मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग तक लाठीधारी व हथियारबंद सशस्त्र बल भ्रमणशील।
मुख्य उद्देश्य: मुसाफिरों से लूट, छिनतई, वाहनों की ओवरलोडिंग रोकना व जाम मुक्त आवागमन सुनिश्चित करना।
प्रमुख चौराहों और घाटों पर पैनी नजर
पुल बंदी के पहले ही दिन से भागलपुर शहर के प्रमुख संवेदनशील और व्यस्त इलाकों जैसे बरारी, जीरोमाइल, तिलकामांझी, पुल घाट और श्मशान घाट क्षेत्र में वाहनों की असामान्य आवाजाही पर पुलिस पैनी नजर रख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जलमार्ग शुरू होने से शहर की अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का रूट डायवर्जन हुआ है। ऐसे में किसी भी चौराहे पर जाम की स्थिति न बने और देर रात सफर करने वाले मुसाफिर सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें, इसके लिए पुलिस टीमें लगातार वायरलेस और मोबाइल नेटवर्क के जरिए आपस में समन्वय बनाकर निगरानी कर रही हैं।
